बरेली: सड़कों की गुणवत्ता को परखने के लिए उतरे नगर निगम के अफसर
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ व नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने शनिवार को इंजीनियरों के साथ स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सड़क सहित चल रहे दूसरे निर्माण कार्यों और यातायात को पटरी पर लाने के लिए बनाई गई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों के निर्माण को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तेजी …
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ व नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने शनिवार को इंजीनियरों के साथ स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सड़क सहित चल रहे दूसरे निर्माण कार्यों और यातायात को पटरी पर लाने के लिए बनाई गई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों के निर्माण को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तेजी से पूरा करने के लिए ठेकेदारों को निर्देशित किया।
उन्होंने नगर निगम के इंजीनियरों को भी कड़ी हिदायत दी कि वे भी स्मार्ट सिटी के कामों पर पूरी नजर रखें। जहां भी कमी दिखाई दे, वहां फौरन एक्शन लेने की जरूरत है। इसके बाद नगर आयुक्त ने फाल्तूनगंज में उड़ान कार्यक्रम के तहत लगाए गए कैंप का भी निरीक्षण कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इन दिनों स्मार्ट सिटी के तमाम कार्यों के साथ श्यामगंज चौराहे के पास सड़क चौड़ीकरण का काम भी चल रहा है। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी कंपनी के वरिष्ठ महाप्रबंधक बीके सिंह ने सीईओ को बताया कि श्यामगंज रोड पेट्रोल पंप पर पुराने नाले पर निर्माणधीन नाले के ढाल बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यहां जलभराव की समस्या को पूरी तरह से खत्म किया जा सके। इसके बाद अधिकारियों ने स्मार्ट सिटी के तहत बन रहे हॉट हैंडीक्राफ्ट केंद्र का भी निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति जानी।
उन्होंने इंजीनियरों को इस प्रोजेक्ट के तहत तैयार हो रहे ढांचे को आईआईटी बीएचयू से परीक्षण कराने का भी सुझाव दिया। यहीं नाले का निर्माण भी स्मार्ट सिटी के तहत कराया जा रहा है। सीईओ ने कहा कि नाले का लेवल ठीक रखा जाए तो पानी का बहाव आसानी से होने से जलभराव की समस्या आसानी से खत्म हो सके।
विकास भवन रोड पर रोड चौड़ीकरण के कार्य के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित फर्म को मलवा हटाने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक को फुलवारी की कांट छांट व कचरे को हटवाने को कहा है। स्टेशन रोड पर रोड चौड़ीकरण के कार्य के निरीक्षण में उन्होंने ठेकेदार को बिजली के तार अंडरग्राउंड के कार्य पूरा होने पर फुटपाथ का कार्य शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि चौराहे पर बनाई जा रही रोटरी का निर्माण 10 दिन के अंदर पूरा कर लें।
ठेकेदारों को हिदायत दी कि चारों तरफ ट्रैफिक डायवर्जन बनाकर कार्य शुरू करें, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या न हो। इसके साथ ही सीईओ अभिषेक आनंद ने चौपला पुल के नीचे तैयार हो रहे वेंडिंग जोन को भी देखा। यहां छोटे वाहनों के लिए पार्किंग भी तैयार की जा रही है। इस मौके पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अशोक कुमार, सहायक अभियंता सुशील सक्सेना सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
