बरेली: हैदराबाद की कंपनी करेगी कुतुबखाना पुल का निर्माण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्वीकृत बहुप्रतीक्षित कुतुबखाना पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। टेंडर प्रक्रिया में हैदराबाद की एक कंपनी को कांट्रेक्ट दे दिया गया है। ठेका लेने वाली कंपनी को जल्द से जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। कुतुबखाना चौराहे पर लगने वाले जाम …

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्वीकृत बहुप्रतीक्षित कुतुबखाना पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। टेंडर प्रक्रिया में हैदराबाद की एक कंपनी को कांट्रेक्ट दे दिया गया है। ठेका लेने वाली कंपनी को जल्द से जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

कुतुबखाना चौराहे पर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए स्मार्ट सिटी के तहत पहले पुल निर्माण के लिए 136 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी। यह पुल पहले नैनीताल रोड से कुतुबखाना चौराहा होते हुए कोतवाली की ओर बनना था और इसकी लंबाई 1577 मीटर थी। बाद में लंबाई को करीब दो सौ मीटर कम कर 1377 मीटर कर दिया गया है।

इस पर 118 करोड़ रुपये का खर्च होना है। सेतु निगम को यह पुल बनाना है। उसने दो महीने पहले टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी। इसमें उत्तर प्रदेश की एक और दक्षिण भारत की दो कंपनियां टेंडर प्रक्रिया में शामिल हुईं थी। इसके बाद काफी समय से पुल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया को पूरा किए जाने का इंतजार किया जा रहा था। आखिरकार टेंडर प्रक्रिया के पूरे होने के साथ ही हैदराबाद की मनतेना इंफ्रा सोल्यूशन नाम की एक कंपनी को इस पुल के बनाने का कांट्रेक्ट दे दिया गया है। कंपनी को इस पुल का निर्माण यथाशीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

श्यामगंज से ज्यादा कुतुबखाने में होगी चुनौती
– कुतुबखाना पुल के निर्माण के साथ ही बिजली के तारों को भूमिगत किए जाने के साथ सीवर आदि के काम भी होने हैं। पुल के पिलर उल्टा यू आकार के होंगे, ताकि नीचे व्यापारियों को परेशान नहीं होना पड़े। बताते हैं कि श्यामगंज में विकास भवन की ओर काफी जगह मिल गई थी। इसके आगे ईंट पजाया की ओर भी सड़क पर काफी जगह थी लेकिन कुतुबखाना काफी पुराना इलाका है और यहां रोड काफी संकरी और अत्यधिक भीड़भाड़ वाली है। ऐसे में इंजीनियरों को यहां काम पूरा कराने में परेशानी होगी।

वर्जन— कुतुबखाना पुल निर्माण के लिए हैदराबाद की कंपनी को कांट्रेक्ट दिया गया है। अब यही कंपनी सेतु निगम की मदद से पूरा प्रोजेक्ट तैयार करेगी। ताकि पुल का निर्माण अतिशीघ्र पूरा हो सके। -अभिषेक आनंद, सीईओ, बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी

संबंधित समाचार