बरेली: ब्याज माफी को हजारों उपभोक्ताओं ने जमा किया बिजली बिल
बरेली, अमृत विचार। शासन की तरफ से बकाया बिजली का बिल माफ करने के लिए चलाई जा रही योजना ने अंतिम दिनों में रफ्तार पकड़ ली है। बकाया बिल जमा करने के बाद 24 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं का करोड़ों रुपये का ब्याज माफ हो गया है। बुधवार को योजना का अंतिम दिन होने …
बरेली, अमृत विचार। शासन की तरफ से बकाया बिजली का बिल माफ करने के लिए चलाई जा रही योजना ने अंतिम दिनों में रफ्तार पकड़ ली है। बकाया बिल जमा करने के बाद 24 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं का करोड़ों रुपये का ब्याज माफ हो गया है। बुधवार को योजना का अंतिम दिन होने से अधिकारी भी अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ दिलाने में लगे हुए है।
लंबे समय से ये बिल जमा ना होने की वजह से विद्युत विभाग की ओर से एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) 27 अक्टूबर को शुरू की गई थी। इसके तहत लाभ उठाने की अंतिम दिन 15 दिसंबर है। अब तक 24 हजार लोगों ने बिजली का बिल जमा कर दिया है। इनका ब्याज माफ कर दिया जाएगा। योजना से उपभोक्ताओं को लाभ हुआ है। उनका करोड़ों रुपये का बिजली का बिल माफ हो गया है। घरों पर बिल ना पहुंचने का बहाना हो या फिर ब्याज ज्यादा होने का, लेकिन ऐसे तमाम कारणों का हवाला देकर बिजली विभाग के 67958 उपभोक्ताओं ने करीब 78.17 करोड़ रुपये विद्युत विभाग का रोक रखा था।
अब तक 24 हजार 876 उपभोक्ताओं ने विद्युत बिल जमा किया है, जो करीब 36.6 प्रतिशत है। बिजली विभाग को इससे 15.86 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जो कुल धनराशि का 20.29 प्रतिशत है। अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल ने बताया कि योजना के अंतिम दिनों में उपभोक्ता अपना बकाया बिल जमा करके बकाया बिल पर लगे ब्याज को माफ करा रहे है।
