बरेली: जिले के 180 दिव्यांगजनों को मिलेगी मुफ्त मोटराइज्ड ट्राई साइकिल
बरेली, अमृत विचार। आखिरकार सरकार ने दिव्यांगजनों का मुफ्त मोटराइज्ड ट्राई साइकिल देने का सपना मंजूर कर लिया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की तरफ से भी पूर्व के आदेश में संशोधन करते हुए अब फ्री मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल देने के आदेश जारी किए हैं। अफसरों का कहना है कि अब दिव्यांगजनों को सिर्फ दिव्यांगता की शर्तों को …
बरेली, अमृत विचार। आखिरकार सरकार ने दिव्यांगजनों का मुफ्त मोटराइज्ड ट्राई साइकिल देने का सपना मंजूर कर लिया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की तरफ से भी पूर्व के आदेश में संशोधन करते हुए अब फ्री मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल देने के आदेश जारी किए हैं। अफसरों का कहना है कि अब दिव्यांगजनों को सिर्फ दिव्यांगता की शर्तों को पूरा करना होगा,तभी वे मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के हकदार बन पाएंगे।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी योगेश पांडेय ने बताया कि पहले मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल का वास्तविक मूल्य या फिर 25 हजार रुपये जो कम होंगे वह अनुदान जनप्रतिनिधियों द्वारा देने की बात थी, लेकिन इस औपचारिकता को अधिकांश दिव्यांगजन पूरा नहीं कर पाए। जिसके चलते अपर मुख्य सचिव दिव्यांगजन सशक्तीकरण ने इसकी नियमावली में संशोधन कर दिया। जिसके तहत वर्तमान वित्तीय वर्ष 2021-22 में शत-प्रतिशत धनराशि प्रदेश सरकार देगी।
उन्होंने यह भी बताया कि पात्रता की शर्तें पूरी करने वाले दिव्यांगजनों को जैम पोर्टल के माध्यम से ट्राईसाइकिल की खरीदारी करके दी जाएगी। जिले को 180 मुफ्त मोटराइज्ड ट्राई साइकिल देने का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक करीब 98 लोग आवेदन कर चुके हैं।
इन दिव्यांगजनों को मिलेगी मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल
80 फीसदी या उससे अधिक दिव्यांग हो। उसके पास सीएमओ आफिस से जारी प्रमाण पत्र हो ।
आंख ठीक होने के साथ शरीर का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह दुरुस्त होना जरूरी है।
16 साल या उससे अधिक उम्र के दिव्यांगजन जो जिले का निवासी हैं इसके पात्र होंगे।
परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख से अधिक नहीं हो, इसके लिए आय प्रमाण देना होगा ।
इस योजना में दिव्यांजन को जीवन में एक बार ही मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का लाभ मिलेगा।
फैक्ट फाइल
कुल दिव्यांगजन-93,000
पेंशनर्स-27,400
पंजीकृत-38900
