मुरादाबाद : अब यात्रियों को किराये में मिलेगी राहत, रेलवे स्टेशन रोड से गुजरेंगी दिल्ली की बसें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। मुरादाबाद डिपो की बसें रेलवे स्टेशन रोड- रेलवे लोकोशेड होते दिल्ली रूट पर जाएंगी और आएंगी। इस बात का निर्णय पुलिस प्रशासन से विचार विमर्श के बाद जल्द कर लिया जाएगा। दिल्ली रूट के साधारण बसों का शहर के बीच से संचालन बहाल कराया जाएगा। रोडवेज प्रबंधन के अनुरोध पत्र पर जिलाधिकारी ने यह …

मुरादाबाद। मुरादाबाद डिपो की बसें रेलवे स्टेशन रोड- रेलवे लोकोशेड होते दिल्ली रूट पर जाएंगी और आएंगी। इस बात का निर्णय पुलिस प्रशासन से विचार विमर्श के बाद जल्द कर लिया जाएगा। दिल्ली रूट के साधारण बसों का शहर के बीच से संचालन बहाल कराया जाएगा।

रोडवेज प्रबंधन के अनुरोध पत्र पर जिलाधिकारी ने यह निर्णय लिया है। अमृत विचार ने जनहित के इस मुद्दे को अपने अभियान में शामिल किया था, जिसके तहत यह कदम उठाए गए हैं। फिलहाल मुरादाबाद डिपो की बसें रेलवे स्टेशन रोड से होकर नहीं गुजरती हैं। जिससे दिल्ली की ओर से आने- जाने वाले यात्रियों को कई तरह की दुश्वारियां झेलनी पड़ती हैं। अभी दिल्ली रूट की बसें मुरादाबाद बस अड्डा हनुमानमूर्ति बायां कोहिनूर तिराहा होते गागन के रास्ते दिल्ली को जाती हैं। इसी रास्ते बसें वापस होती हैं।

लोकोशेड पुल निर्माण के समय से इन बसों को बदले रास्ते से चलाया जा रहा है। जिसकी वजह से यात्रियों को अमरोहा और दिल्ली के बीच के स्टेशनों के लिए अधिक किराया देना पड़ रहा है। रोडवेज प्रबंधन ने बिजनौर रूट की बसों की तरह दिल्ली की बसों को इस रूट से चलाने का अनुरोध किया है। बातचीत में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जनहित के इस मामले का निदान किया जाना है। इसके लिए उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से बात की। कहा, इन बसों के स्टेशन रोड से संचालन के बेहतर इंतजाम के प्रयास किये जा रहे हैं। बहुत जल्द रोडवेज प्रबंधन और यातायात पुलिस के बीच समन्वय बनाकर इन बसों का संचालन शुरू कराया जाएगा।

सहायक परिवहन प्रबंधक की ओर से भेजा गया पत्र कार्यालय को मिल गया है। उसे लेकर बुधवार को विभाग में चर्चा की जाएगी। उच्चाधिकरियों के आदेश का पालन किया जाएगा। दिल्ली रूट की बसों को फव्वारा तिराहा- लोकोशेड पुल होते हुए दिल्ली दिशा की ओर चलाया जाना है। यात्री सुविधा और सड़क मार्ग पर चलने वालों की सुविधा के मद्देनजर काम किया जाएगा। -अशोक कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक (यातायात)

संबंधित समाचार