बरेली: जानलेवा हमले में 5 आरोपी बरी, झूठी गवाही में भगवत सरन फंसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, विधि संवाददाता, अमृत विचार। पूर्व मंत्री एवं सपा नेता भगवत सरन गंगवार द्वारा दिवंगत विधायक केसर सिंह गंगवार व उनके समर्थकों के विरुद्ध 4 वर्ष पूर्व थाना हाफिजगंज में दर्ज कराए जानलेवा हमले के मामले में नवाबगंज के ग्राम डंडिया नजमुलनिशा निवासी वीर सिंह, सुरेश, लाखन सिंह, ओमेंद्र, प्रताप सिंह समेत 5 को सत्र …

बरेली, विधि संवाददाता, अमृत विचार। पूर्व मंत्री एवं सपा नेता भगवत सरन गंगवार द्वारा दिवंगत विधायक केसर सिंह गंगवार व उनके समर्थकों के विरुद्ध 4 वर्ष पूर्व थाना हाफिजगंज में दर्ज कराए जानलेवा हमले के मामले में नवाबगंज के ग्राम डंडिया नजमुलनिशा निवासी वीर सिंह, सुरेश, लाखन सिंह, ओमेंद्र, प्रताप सिंह समेत 5 को सत्र परीक्षण में संदेह का लाभ देते हुए अपर सत्र न्यायाधीश-6 अब्दुल कैयूम ने दोषमुक्त कर दिया। लेकिन कोर्ट ने वादी मुकदमा भगवत सरन गंगवार के विरुद्ध कोर्ट में झूठी गवाही, मिथ्या साक्ष्य देने पर केस चलाये जाने का आदेश दिया है।

भगवत सरन ने थाना नवाबगंज में तहरीर देकर बताया था कि विधानसभा चुनाव का प्रचार कर 14 दिसम्बर 2017 को क्षेत्र से लौटते समय ग्राम सुंदरी व देशनगर के मध्य घात लगाये बैठे भाजपा प्रत्याशी केसर सिंह, मुनेन्द्र व विशाल, धर्मेन्द्र गंगवार, वीर सिंह, सुरेश, लाखन सिंह, ओमेन्द्र कुमार, प्रताप सिंह, संतोष गुप्ता, प्रशान्त गुप्ता उर्फ लालू व 10-15 व्यक्ति अन्य ने उनकी गाड़ी को घेर लिया तथा जान से मारने की नियत से उनको गंदी-गंदी गालियां देते हुए लाइसेंसी व नाजायज असलहों से फायरिंग करने लगे।

उन्होंने अपने ड्राइवर, अंगरक्षकों समेत खेतों में भाग कर जान बचाई तो सभी लोग गालियां देते हुए पीछे पीछे आये तथा उनके क्षेत्र के रविन्द्र गंगवार व सुधीर मिश्रा ने बचाया तो सभी ने उनको भी मारा पीटा। पुलिस ने तहरीर पर सभी आरोपियों के विरुद्ध जानलेवा हमला समेत गंभीर धाराओ में रिपोर्ट दर्ज की थी। विवेचना के बाद सुरेश, लाखन, प्रताप सिंह, वीर सिंह, ओमेंद्र के विरूद्ध ही आरोप पत्र कोर्ट भेजा था। पूर्व विधायक केसर सिंह गंगवार का नाम चार्जशीट से निकाल दिया था।

अभियोजन की ओर से वादी भगवत सरन गंगवार, रविन्द्र गंगवार, मुनीश, सोहल लाल मौर्य, उमेश चन्द्र, महेश प्रताप उर्फ महेश गंगवार समेत 6 गवाहों को पेश किया गया था। परीक्षण के दौरान कोर्ट में सभी गवाह अपनी गवाही में मुकर गये थे। सरकारी वकील मनोज वाजपेयी ने बताया कि गवाही से मुकरने पर भगवत सरन गंगवार के विरूद्ध केस चलाने के लिए कोर्ट ने आदेश दिया है।

संबंधित समाचार