लखनऊ: खदरा शिवनगर में तीन घंटे तक धू-धू कर जलता रहा कबाड़ गोदाम, बड़ा हादसा टला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। राजधानी के हसनगंज थाना अंतर्गत खदरा शिवनगर में शुक्रवार तड़के बेसमेंट में चल रहे एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि आसपास का पूरा इलाका धुएं से पट गया। तीन फायर स्टेशन के करीब 5 दमकल तीन घंटे की कड़ी मशक्कत करने के बाद आग पर पूरी तरह …

लखनऊ। राजधानी के हसनगंज थाना अंतर्गत खदरा शिवनगर में शुक्रवार तड़के बेसमेंट में चल रहे एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि आसपास का पूरा इलाका धुएं से पट गया। तीन फायर स्टेशन के करीब 5 दमकल तीन घंटे की कड़ी मशक्कत करने के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा सके। घटना जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है, पर लाखों रुपये का कबाड़ जलकर खाक हो गया।

पानी डालते ही उतरा करंट, बड़ा हादसा होते-हाेते टला

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के बरकत अली के कबाड़ गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। सूचना मिलने पर सुबह करीब 4:30 बजे चौक फायर स्टेशन से दो दमकल मौके पर पहुंचे। गोदाम बेसमेंट में था और बंद था, इसलिए फायर कर्मचारियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़ पानी फेंकना शुरू किया, पर पानी फेंकते ही लोहे की खिड़कियों और दरवाजों में करंट उतर आया और चिंगारी उठने लगी। फायर कर्मचारियों ने तत्काल वहां मौजूद लोगों को दूर हटाया और बिजली विभाग को सूचित कर बिजली सप्लाई बंद कराई। अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

कटर से काटनी पड़ी दीवार

आग इतनी विकराल थी कि करीब 1 घंटे तक पानी फेंकने के बाद भी बुझने का नाम नहीं ले रही थी। इसके बाद इंदिरानगर फायर स्टेशन और आलमबाग फायर स्टेशन को भी सूचित कर बुलाया गया। फायर कर्मचारियों ने कटर से दुकान की दीवार व गेट को काटा। दीवार के टूटते ही आग का बड़ा दावानल बाहर आ गया और लोग भय के मारे भागने लगे। इसके बाद तीन फायर स्टेशन के पांच दमकलों ने करीब दो घंटे लगातार पानी फेंकने के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।

दुकानदार पर प्राथमिकी दर्ज

चौक फायर स्टेशन के फायर सेफ्टी ऑफीसर (एफएसओ) आरके यादव ने बताया कि बेसमेंट में चल रहे इस गोदाम के लिए कोई फायर एनओसी नहीं लिया गया था। गोदाम में फायर सेफ्टी के कोई उपकरण भी नहीं लगे थे। इसके लिए गोदाम मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

यह भी पढ़ें:-सपा, बसपा की सरकारों ने मछुवारों को पट्टा देने के काम को बंद करने का प्रयास किया था: सीएम योगी

संबंधित समाचार