मुरादाबाद : तीन धान खरीद केंद्र बंद मिलने पर हंगामा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी
मुरादाबाद, अमृत विचार। पांच में से तीन धान खरीद केंद्रों के बंद मिलने पर शुक्रवार को मंडी समिति में हंगामा हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंच कर इस पर नाराजगी जताई और सभी केंद्रों पर धान की तौल शुरू करवाने की मांग की। नगर में रतपुरा रोड पर स्थित मंडी समिति में किसानों …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पांच में से तीन धान खरीद केंद्रों के बंद मिलने पर शुक्रवार को मंडी समिति में हंगामा हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंच कर इस पर नाराजगी जताई और सभी केंद्रों पर धान की तौल शुरू करवाने की मांग की।
नगर में रतपुरा रोड पर स्थित मंडी समिति में किसानों की शिकायत पर पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने समिति में मौजूद किसानों की समस्याओं को सुना और इंचार्ज एसएमआई से केंद्रों के बंद होने पर कड़ी नाराजगी जताई। भाजपा के वरिष्ठ नेता ठाकुर अजय प्रताप सिंह ने बताया कि पार्टी के सदस्यता अभियान के दौरान मंडी समिति में चल रहे धान खरीद केंद्रों पर धांधली की शिकायतें मिली थीं।
जिस पर उन्होंने अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं से मंडी में पहुंचकर किसानों की समस्याओं को सुना। तब पता चला कि यहां स्थापित पांचों केंद्रों पर तौल नहीं हो रही है। कुछ अधिकारी भाजपा सरकार को बदनाम करने के लिए दलाली कर रहे हैं। नम्बर से दिए गए टोकन पर धान की तौल नहीं चल रही है, जिससे किसानों को अपना धान तुलवाने के लिए कई दिन परेशान होना पड़ रहा है। अधिकारियों को चेतावनी देकर दलाली ना करने के निर्देश दिए। किसानों ने बताया कि पांच केंद्रों में से केवल दो पर ही किसानों का धान तौला जा रहा है।
इस कारण उन्हें कई दिन तक अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर तौल होने का इंतजार करना पड़ता है। इस पर भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह ने एसएमआई नरेंद्र कुमार को मौके पर तलब कर तीन तौल बंद होने पर उन्हें खरी खोटी सुनाई। उन्हें पांचों केंद्रों को सुचारु रूप से चलाने की हिदायत दी, जिससे किसानों को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। ठाकुर अजय प्रताप ने मामले की गम्भीरता से जांच कराने के लिए मामला एसडीएम ठाकुरद्वारा के संज्ञान में डाल दिया है। उनके साथ में पूर्व नगर अध्यक्ष शिवेंद्र गुप्ता, सुरेश सिंह, पवन कुमार, बब्बू, संजय प्रधान, अभिषेक, अनुज, धर्मेन्द्र, पंकज, अंकुर राजपुत, नरपेंद आदि ग्रामवासी उपस्थित रहे।
