Moradabad: कोहरे की चादर में लिपटी रही सुबह, धूप ने दिन में दी राहत, शाम ढलते ही चलने लगी ठंडी हवा
मुरादाबाद, अमृत विचार। शनिवार की सुबह शहर में घने कोहरे के साथ शुरू हुई। तड़के से ही कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता काफी कम रही। सुबह करीब 10 बजे के बाद जब भगवान सूर्य के दर्शन हुए, तब जाकर कोहरा धीरे-धीरे छंटना शुरू हुआ। कोहरे की वजह से सड़कों पर चल रहे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और सुबह की सैर पर निकले लोगों को सावधानी बरतनी पड़ी।
कोहरे के चलते दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों की मुश्किलें भी बढ़ गईं। कई स्थानों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। चालकों को हेडलाइट और इंडिकेटर का सहारा लेना पड़ा ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर पुलिस भी यातायात व्यवस्था संभालती दिखाई दी। दिन चढ़ने के साथ ही मौसम ने करवट ली। धूप निकलते ही ठंड से काफी हद तक राहत मिली। लोग अपने-अपने घरों की छतों, आंगन और आसपास के पार्कों में धूप सेंकते नजर आए। बुजुर्गों के साथ-साथ महिलाएं और बच्चे भी धूप का आनंद लेते दिखे। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी दिन के समय रौनक बनी रही।
हालांकि, शाम ढलते ही मौसम में फिर बदलाव आया। ठंडी हवा की रफ्तार बढ़ने से ठिठुरन का अहसास होने लगा। रात के समय ठंड से बचने के लिए रोडवेज बस अड्डे, रेलवे स्टेशन और बाजारों में जगह-जगह अलाव जलाए गए। अलाव के चारों ओर बैठकर लोग ठंड से राहत पाने की कोशिश करते दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
