सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर बोला हमला, जानें क्या कहा?
ऊंचाहार (रायबरेली)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को ऊंचाहार में भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने स्थानों व योजनाओं के नाम बदले जाने पर कहा कि आज ऊंचाहार से मैं प्रदेश की सरकार का नाम बदल कर योगी सरकार के स्थान पर अनुपयोगी सरकार रखता हूं। विजय यात्रा के दौरान रायबरेली में …
ऊंचाहार (रायबरेली)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को ऊंचाहार में भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने स्थानों व योजनाओं के नाम बदले जाने पर कहा कि आज ऊंचाहार से मैं प्रदेश की सरकार का नाम बदल कर योगी सरकार के स्थान पर अनुपयोगी सरकार रखता हूं। विजय यात्रा के दौरान रायबरेली में दूसरे दिन अखिलेश यादव ने ऊंचाहार में एक विशाल सभा को संबोधित किया।
उन्होंने अपने संबोधन में शुरू से लेकर अंत तक भाजपा को निशाने पर रखा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नोटबंदी से लेकर डिजिटल इंडिया तक के भाजपा के नारे ने गरीब, मजदूर, किसान का नुकसान किया है। वहीं, भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि ये रंग बदलने वाली सरकार है। साथ ही कहा कि आपकी आय दोगुनी करने का वादा किया गया था। साथ ही 15-15 लाख रुपए आपके खाते में आने की बात की गई थी। किन्तु किसान के खाद की बोरी से पांच किलो खाद तक इस सरकार ने चोरी कर लिया।
पढ़ें: रामपुर : अजीमनगर क्षेत्र के खेतों में जेसीबी कर रही खनन, जिम्मेदार लापरवाह
वहीं, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। साथ ही सरसों का तेल दो गुने दाम पर मिलने लगा है। किसानों को खाद बिजली नहीं मिली। साढ़े चार सालों में प्रदेश में एक भी पावर प्लांट नहीं लगा है। साथ ही अखिलेश ने कहा कि भाजपा को लाल रंग से घबराहट होती है। ये वो लाल रंग हैं, जिसने सम्पूर्ण क्रांति और सामाजिक क्रांति को जन्म दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि ऊंचाहार में योगी को मत भूलना वरना ऊंचाहार का भी नाम बदल देंगे।
बिना समाजवाद के रामराज की कल्पना व्यर्थ…
अखिलेश ने कहा कि बिना समाजवाद के रामराज नहीं आ सकता है । क्योंकि समाजवाद के बिना रामराज की कल्पना ही व्यर्थ है। उन्होंने कहा समाजवाद का रंग लाल है। इस लालरंग को डॉ राम मनोहर लोहिया, जय प्रकाश नारायण ने दिया है। इस लालरंग को जनेश्चर मिश्र, बृज भूषण तिवारी और मोहन सिंह जैसे समाजवादियों ने आगे बढ़ाया है। लालरंग समाजवाद का है। इसलिए समाजवाद को अपनाना होगा, तभी रामराज आयेगा।
पीएम ने मुख्यमंत्री को पैदल किया..
अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए कहा कि अभी हाल में पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री को अपनी गाड़ी के पीछे पैदल चला दिया। अब समय आने वाला है, जनता इस सरकार को पैदल करेगी। उन्होंने कहा कि जिस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का पीएम ने उद्घाटन किया था। उसका नाम समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे था। उसका भी नाम भाजपा के लोगों ने बदल डाला। इस मौके पर एमएलसी सुनील सिंह साजन, ऊंचाहार विधायक डा मनोज पांडेय, सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक देवेन्द्र प्रताप सिंह, सुरेंद्र विक्रम सिंह, रामलाल अकेला, लोहिया वाहिनी अध्यक्ष राहुल निर्मल बागी, सपा नेता देवेंद्र यादव, पप्पू यादव, मो इलियास आदि मौजूद रहे।
अखिलेश के आने से पहले भिड़े सपाई…
सभा स्थल पर अखिलेश यादव के पहुंचने से पहले उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब कुछ सपाई आपस में ही सभा स्थल पर भीड़ गए। सभा स्थल पर लगी कुर्सियों पर बैठने को लेकर दो सपा कार्यकर्ताओं में पहले बहस हुई फिर कई लोग आपस में एक दूसरे पर टूट पड़े। उसके बाद अन्य लोगों ने पहुंचकर बीच बचाव किया, तब दोनों पक्ष शांत हुए।
