लखनऊ: माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जारी किया छुट्टियों का कैलेंडर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से नए वर्ष की छुट्टियों के लिए जारी कैलेंडर में सर्दी की छुट्टियों को शामिल नहीं किया गया है। इसको लेकर स्थिति भी स्पष्ट नहीं की गई है। हालांकि अवकाश तालिका के मुताबिक नए वर्ष में कई सार्वजनिक अवकाश रविवार ने खराब कर दिए हैं। साल का …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से नए वर्ष की छुट्टियों के लिए जारी कैलेंडर में सर्दी की छुट्टियों को शामिल नहीं किया गया है। इसको लेकर स्थिति भी स्पष्ट नहीं की गई है। हालांकि अवकाश तालिका के मुताबिक नए वर्ष में कई सार्वजनिक अवकाश रविवार ने खराब कर दिए हैं।
साल का पहला सार्वजनिक अवकाश गुरु गोविंद सिंह जयंती भी 9 जनवरी रविवार को ही पड़ रहा है। परिषद के कैलेंडर के अनुसार पहली वास्तविक सार्वजनिक छुट्टी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन मिलेगी। गुरु गोविंद सिंह जयंती की तरह ही रामनवमी, गांधी जयंती, बारावफात व क्रिसमस आदि त्योहार भी रविवार को पड़ रहे हैं। ऐसे में 2022 में माध्यमिक स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को कई छुट्टियां नहीं मिल सकेंगीं।
पढ़ें: सीतापुर: महिलाएं हुईं ठगी का शिकार, साफ करने के नाम पर ठगों ने पार किए तीन लाख के जेवर
कैलेंडर के अनुसार पूरे साल के दौरान कुल 33 छुट्टियां निर्धारित की गयी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश के माध्यमिक स्कूलों में कुल 237 दिन पढ़ाई होगी, जबकि 113 दिन अवकाश और रविवार होंगे। बोर्ड द्वारा जारी वर्ष 2022 की अवकाश तालिका के अनुसार इस बार बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 15 दिनों में पूरा किया जाना है।
21 मई से होगी गर्मी की छुट्टी…
यूपी बोर्ड के अवकाश कैलेंडर-2022 के मुताबिक स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 21 मई से 30 जून तक रहेंगी। हालांकि अवकाश तालिका में सर्दी की छुट्टियों को शामिल नहीं किया गया है। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव ने स्थिति स्पष्ट नहीं की है कि सर्दी की छुट्टी खत्म कर दी गई है या इसकी घोषणा बाद में की जाएगी।
होली व दिवाली में एक-एक दिन बंद रहेंगे स्कूल..
अवकाश तालिका में होली और दिवाली पर एक-एक दिन के लिए ही स्कूल बंद किया गया है। इसके अलावा करवा चौथ पर सिर्फ स्कूल की शादीशुदा शिक्षिकाओं के लिए ही अवकाश रहेगा। राष्ट्रीय पर्वों पर अवकाश नहीं होंगे। इसके बजाय विद्यालयों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महापुरुषों के साथ स्वतंत्रता आंदोलन के क्रांतिकारियों और प्रसिद्ध समाज सुधारकों के जन्मदिन पर भी विशेष आयोजन होंगे। कम से कम कॉलेज में 1 घंटे की संगोष्ठी या फिर सेमिनार का आयोजन करना होगा। यह भी निर्देश है कि यदि महापुरुष के जन्मदिवस पर रविवार पड़ रहा है तो एक दिन पहले ही कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कुछ खास बातें…
- मुस्लिम त्योहार चंद्र दर्शन के अनुसार ही मनाए जाएंगे
- शोकसभाएं केवल विद्यालयों में कार्यरत अध्यापक व कर्मचारियों के निधन पर ही होंगी
- करवा चौथ के दिन सिर्फ स्कूल की शादीशुदा शिक्षिकाओं को ही अवकाश मिलेगा
- स्थानीय अवकाश जिलाधिकारी की ओर से जारी अवकाश तालिका के अनुसार किए जाएंगे
