बरेली: नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, आसानी से मिलेगा ब्रॉडबैंड कनेक्शन
बरेली, अमृत विचार। डिजिटल को बढ़ावा देने की मुहिम के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में हाई स्पीड इंटरनेट की समस्या बीएसएनएल जल्द खत्म करेगा। शहरी क्षेत्र की तर्ज पर यदि गांव में लोगों के पास टेलीफोन कनेक्शन होगा तो वे भी हाईस्पीड ब्रॉडबैंड का कनेक्शन ले सकेंगे। देशभर के टेलीफोन एक्सचेंजों को इंटरनेट के मुख्य …
बरेली, अमृत विचार। डिजिटल को बढ़ावा देने की मुहिम के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में हाई स्पीड इंटरनेट की समस्या बीएसएनएल जल्द खत्म करेगा। शहरी क्षेत्र की तर्ज पर यदि गांव में लोगों के पास टेलीफोन कनेक्शन होगा तो वे भी हाईस्पीड ब्रॉडबैंड का कनेक्शन ले सकेंगे। देशभर के टेलीफोन एक्सचेंजों को इंटरनेट के मुख्य एक्सचेंज से जोड़ दिया है। महाप्रबंधक अनिल गंगवार का कहना है कि शहर की तरह गांव में भी स्पीड के आधार पर ब्राडबैंड की योजना है, जिससे गांव में भी महानगरों की तरह इंटरनेट काम करेगा।
विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शहर के उपभोक्ता ओएफसी, कॉपर केबल व मोबाइल नेटवर्क से ब्राडबैंड का कनेक्शन ले सकते हैं लेकिन ग्रामीण इलाकों में अक्सर जहां मोबाइल का नेटवर्क ठीक से नहीं मिलता। वहां कई गांव में अब भी टू जी नेटवर्क उपलब्ध होता है, जिससे इंटरनेट काफी धीमी गति से चलता है। स्पीड कम होने से इंटरनेट से जुड़े तमाम कार्य प्रभावित होते हैं।
वर्तमान में जनपद में 70 टेलीफोन एक्सचेंज हैं। इसमें से आधे से ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी चल रहे हैं। जिले में करीब 50 हजार से अधिक टेलीफोन कनेक्शन हैं। अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में कॉल करने के लिए टेलीफोन का प्रयोग किया जा रहा है।
ऐसे में बीएसएनएल ने ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को ब्रॉडबैंड की सेवा उपलब्ध कराने के लिए छोटे एक्सचेंजों को भी इंटरनेट के मुख्य एक्सचेंज से जोड़ दिया है जिससे वे टेलीफोन के साथ ब्राडबैंड का कनेक्शन ले सकते हैं।
