बरेली: शादी के 20 दिन बाद महिला की मौत, हत्या का आरोप, मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शादी के बीस दिन बाद महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नवाबगंज के फैजुल्लागंज निवासी राकेश चंद्र ने बेटी पूजा की शादी 21 नवंबर को इज्जतनगर के बैरियर वन के पास …

बरेली, अमृत विचार। शादी के बीस दिन बाद महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नवाबगंज के फैजुल्लागंज निवासी राकेश चंद्र ने बेटी पूजा की शादी 21 नवंबर को इज्जतनगर के बैरियर वन के पास रहने वाले राहुल के साथ की थी। शादी में उन्होंने पांच लाख की नकदी के साथ साथ दहेज में काफी सामान दिया था।

आरोप है कि इसके बाद भी लड़के वाले दहेज में कार, पांच तोला सोना और एक प्लाट की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर महिला को प्रताड़ित किया जा रहा था। शुक्रवार शाम पूजा ने पिता को फोन कर साथ ले जाने के लिए कहा था, लेकिन पिता बाहर थे, इसलिए वह उसे लेने नहीं आ सके।उन्होंने शनिवार को आने की बात कही थी। इसके बाद पूजा ने भाई को फोन किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। बाद में जब उसने पूजा को फोन किया तो उसके फोन पर घंटी जाती रही, लेकिन फोन नहीं उठा।

बाद में पूजा की ननद माधुरी ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि उनकी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद परिवार के लोग ससुराल पहुंचे। यहां पूजा का शव बिस्तर पर पड़ा था। लड़की पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति, ससुर, ननद व ननदोई के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

वापस कर दिया था फर्नीचर
लड़की पक्ष ने बताया कि उन्होंने दहेज में लकड़ी का फर्नीचर दिया था, लेकिन वह फर्नीचर ससुरालवालों को पसंद नहीं आया। इसके बाद ससुरालियों ने उनका फर्नीचर उन्हें बदलने के लिए वापस कर दिया था। शादी के बाद से ही ससुरालियों ने दहेज की मांग शुरू कर दी थी।

ऊपर के मंजिल में रहती थी पूजा
शादी के बाद पूजा पति के साथ पहली मंजिल पर रहती थी। शाम को उसका शव वहीं पर पंखे के सहारे लटका मिला था। यह देखने के बाद परिवार के लोग उसके शव को बिना पुलिस बुलाए उतारकर नीचे ले आए थे।

इज्जतनगर में महिला की संदिग्ध हालत में मौत हुई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर ससुरालवालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार