बरेली: चीफ प्रॉक्टर के ऑफिस में भिड़े छात्र गुट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में सछास और एबीवीपी कार्यकर्ताओं में जमकर नोकझोंक हुई। चीफ प्रॉक्टर के ऑफिस में भी पुलिस की मौजूदगी में धक्का-मुक्की हुई और एक युवक को छुड़ाकर ले गए। जिसके बाद सछास ने जमकर हंगामा किया। चीफ प्रॉक्टर ने मौके पर पुलिस बुला ली। छात्र की शिकायत को चीफ प्रॉक्टर ने …

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में सछास और एबीवीपी कार्यकर्ताओं में जमकर नोकझोंक हुई। चीफ प्रॉक्टर के ऑफिस में भी पुलिस की मौजूदगी में धक्का-मुक्की हुई और एक युवक को छुड़ाकर ले गए। जिसके बाद सछास ने जमकर हंगामा किया। चीफ प्रॉक्टर ने मौके पर पुलिस बुला ली। छात्र की शिकायत को चीफ प्रॉक्टर ने अपने पत्र के साथ बारादरी थाना की शहामतगंज चौकी इंचार्ज को दे दिया है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करेगी।

बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र रितेश जौहरी ने चीफ प्रॉक्टर को दी लिखित शिकायत में बताया कि वह प्रैक्टिल करने के बाद खेल मैदान में बैठकर पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान एबीवीपी से जुड़े कुछ छात्रनेता आए और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। विरोध किया तो उसकी डंडों से पिटाई कर दी। छात्र को सछास के अन्य कार्यकर्ताओं ने बचाया। उसके बाद सछास के लोग पिटाई करने वाले एक बाहरी युवक को कॉलेज के बाहर से पकड़ लाए। उसे चीफ प्रॉक्टर के ऑफिस में लेकर गए और कार्रवाई की मांग की।

इसी दौरान एबीवीपी के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। चीफ प्रॉक्टर ने पुलिसकर्मियों को बुला लिया। चीफ प्रॉक्टर, अन्य शिक्षकों व पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही सछास व एबीवीपी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हो गई। उसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ता युवक को जबरन छुड़ाकर ले गए।

उसके बाद सछास कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। चीफ प्रॉक्टर से भी नोकझोंक हुई। चीफ प्रॉक्टर के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए। चीफ प्राॉक्टर ने छात्र की तहरीर के साथ बारादरी थाना प्रभारी से लिखित शिकायत की है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि उनकी मौजूदगी में 30-40 छात्र आए और जबरदस्ती युवक को छीनकर ले गए।

लड़की के चलते विवाद
बताया जा रहा है कि छात्रों के बीच विवाद किसी लड़की को लेकर हुआ था। इसी को लेकर छात्र की बाहरी युवक ने पिटाई की। जब युवक को पकड़कर ले गए तो यह दूसरे छात्र गुट को नागवार गुजरा। कॉलेज में इससे पहले भी लड़की को लेकर कई बार विवाद हो चुका है। कॉलेज में बाहरी छात्रों के प्रवेश पर रोक की मांग भी काफी समय से हो रही है लेकिन बाहरी पहुंच ही जाते हैं।

एक बार कॉलेज परिसर में छात्रों की डंडों से पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। जिसपर पुलिस कार्रवाई भी हुई थी। कुछ महीने पहले छात्रों व कर्मचारियों में विवाद पर भी जमकर तोड़फोड़ हुई थी।

छात्रों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। कुछ छात्र एक युवक को पकड़कर कार्यालय में लाए थे। उसी समय दूसरे गुट के छात्र उसे जबरदस्ती छुड़ाकर ले गए हैं। छात्र की शिकायत बारादरी पुलिस को दी है। -श्यामपाल मौर्य, चीफ प्रॉक्टर बरेली कॉलेज

संबंधित समाचार