बरेली: बर्तन विक्रेता की पत्नी को बंधक बनाकर लूट
बरेली, अमृत विचार। शहर से बाहर गए बर्तन विक्रेता के घर में इलाके के ही चार लोग हथियारबंद होकर घुस गए। लोगों ने विक्रेता की पत्नी को बंधक बनाकर घर में रखे जेवरात व नगदी लूट लिए। सुभाषनगर पुलिस और एसएसपी से भी शिकायत के बाद कार्रवाई न होने पर बर्तन विक्रेता ने न्यायालय की …
बरेली, अमृत विचार। शहर से बाहर गए बर्तन विक्रेता के घर में इलाके के ही चार लोग हथियारबंद होकर घुस गए। लोगों ने विक्रेता की पत्नी को बंधक बनाकर घर में रखे जेवरात व नगदी लूट लिए। सुभाषनगर पुलिस और एसएसपी से भी शिकायत के बाद कार्रवाई न होने पर बर्तन विक्रेता ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र के करगैना स्थित बीडीए कॉलोनी के इंदरापुरम निवासी वीरेंद्र पाल बर्तन बेचने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 10 सितंबर को वह बर्तन खरीदने के लिए शहर से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी सदावती अकेली थीं। उसी दिन बदायूं के दातागंज स्थित सरोरा निवासी ठाकुरदास अपने बेटे धर्मेंद्र, सुनील कुमार, अजय राज और एक अज्ञात व्यक्ति के साथ हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुस गए।
आरोप है कि घर में घुसते ही लुटेरों ने उनकी पत्नी को तमंचे के बल पर बंधक बनाया और उसके बाद घर में लूट-पाट शुरू कर दी। आरोपियों ने घर में रखी सोने की चेन, टीका, कुंडल व चांदी के सामान समेत 15 हजार पांच सौ रुपये लूट लिए। बताया कि जब बंधक महिला ने शोर मचाकर लोगों को बुलाने की कोशिश की तो लुटेरों ने तमंचा दिखाते हुए परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। दूसरे दिन वीरेंद्र पाल के वापस आने पर पत्नी ने पूरा मामला बताया। जिसके बाद पीड़ित दंपत्ति 12 सितंबर को सुभाषनगर थाना पहुंचे लेकिन उनकी एक न सुनी गई।
इसके बाद 23 सितंबर को दंपत्ति ने एसएसपी कार्यालय में भी शिकायत की, बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। फिर न्याय की उम्मीद से बर्तन विक्रेता ने न्यायाल में वाद दायर किया, जिसमें कोर्ट के आदेश पर सुभाषनगर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। सुभाषनगर इंस्पेक्टर सत्येंद्र भड़ाना का कहना है कि आपसी विवाद का मामला है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।
