बरेली: एसआरएमएस रिद्धिमा में ‘ए प्राइवेट अफेयर’ का मंचन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एसआरएमएस रिद्धिमा सभागार में दिल्ली के पीरोट ट्रूप ग्रुप थिएटर के कलाकारों द्वारा हास्य नाटक ‘ए प्राइवेट अफेयर ’ का मंचन किया गया। हास्य नाटक ने दर्शकों को लोटपोट कर दिया। नाटक का निर्देशन डा. एम. सईद आलम ने किया। इस दौरान सभागार में डीएम मानवेंद्र सिंह मौजूद रहे। नाटक देखने के …

बरेली, अमृत विचार। एसआरएमएस रिद्धिमा सभागार में दिल्ली के पीरोट ट्रूप ग्रुप थिएटर के कलाकारों द्वारा हास्य नाटक ‘ए प्राइवेट अफेयर ’ का मंचन किया गया। हास्य नाटक ने दर्शकों को लोटपोट कर दिया। नाटक का निर्देशन डा. एम. सईद आलम ने किया। इस दौरान सभागार में डीएम मानवेंद्र सिंह मौजूद रहे। नाटक देखने के बाद उन्होंने रिद्धिमा में बने इंट्रूमेंट म्यूजियम को भी देखा।

नाटक की शुरुआत मनोचिकित्सक गीता थडानी से होती है, जो अपने सचिव अनिल सेठी के साथ स्पिलिट पर्सनालिटी विषय पर व्याख्यान देने के लिए दिल्ली आती हैं। अगले दिन वह बाहर जाना भूल जाती हैं और एक पांच सितारा होटल के कमरे में ठहरती हैं। यहां ड्राइंग रूम में अनिल मैडम के स्कर्ट की सिलाई कर रहा होता है, लेकिन मैडम के बुलाने पर वह स्कर्ट वहीं छोड़कर बैडरूम में चला जाता है। अनिल होटल के रिसेप्शन पर बताना भूल जाता है कि आज वह यहीं रहने वाला है।

इतने में वह रूम कैप्टन शर्मा को दे दिया जाता है। वह जैसे ही ड्राइंग रूम में प्रवेश करता है, उसकी नजर स्कर्ट पर पड़ती है और वह उसे पांच सितारा होटल का कोई आधुनिक तौलिया समझता है, लेकिन जैसे ही उसे पता चलता है कि यह एक लेडीज स्कर्ट है तो वह झेंप जाता है और उसे वहीं रख देता है। वह रिसेप्शन पर कॉल करता है।

कैप्टन शर्मा और रिसेप्शन वाले के बीच के वार्तालाप ने दर्शकों को खूब हंसाया। शर्मा ड्राइंग रुम में आ जाते हैं कि वहां नाश्ता देखकर भड़क जाते हैं। वह होटल के रिसेप्शन पर शिकायत करने जाते हैं कि अनिल नाश्ता और स्कर्ट उठाकर बेडरूम में ले जाता है। तभी कैप्टन शर्मा वापस आते हैं। वह रूम में नाश्ता और स्कर्ट न पाकर समझने लगते हैं कि होटल में भूत है।

यहां एक अन्य पात्र सलीम भाई के रूप में सामने आता है और भ्रम की स्थिति और बढ़ जाती है। गीता जो कि सलीम का इंतजार कर रही होती है वह बाहर आ जाती हैं, उसे कमरे में कैप्टन मिलता है और वह सोचता है कि गीता और उसका सचिव अनिल उसे लूटने और सलीम के पास ले जाने के लिए आए हैं।

यहां गीता समझती है कि कैप्टन मरीज है और वह उसका उपचार शुरू कर देती है। नाटक के बीच-बीच में सचिव अनिल तथा होटल के कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव के बीच फोन पर होने वाले वार्तालाप ने दर्शकों को खूब हंसाया।

नाटक में मनोचिकित्सक गीता थडानी की भूमिका शाइस्ता फातिम ने, कैप्टन शर्मा का किरदार डा. सईद आलम ने, सचिव अनिल का किरदार अंकित चौहान, वेटर का सुमित भारद्वाज ने, मुंबइया भाई सलीम का राहुल पासवान ने, सचिव अनिल की भूमिका तनय ने, रिसेप्शनिस्ट का किरदार सत्यम झा ने, राजा पटियाला की भूमिका आर्यन कुमार ने तथा पेंट्री का किरदार मोहम्मद हसन ने निभाया। सभगार में एसआरएमएस ट्रस्ट के चेयरमैन देव मूर्ति, आदित्य मूर्ति, ऋचा मूर्ति, गुरु मेहरोत्रा, बरेली कालेज के प्राचार्य डा. अनुराग मोहन भटनागर, ट्रस्ट एडवाइजर ई. सुभाष मेहरा आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार