मुरादाबाद : दरक रहे रिश्ते, अवैध संबंध और संपत्ति के लालच में बहा रहे अपनों का खून

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसपी चौहान/मुरादाबाद, अमृत विचार। बदलते दौर में खून या संबंधों के रिश्तों का कोई मायने नहीं। अवैध संबंध और संपत्ति के लालच में अंधे होकर अपने ही अपनों का खून बहाने से तनिक भी नहीं हिचक रहे हैं। संबंधों की डोर कमजोर होने से रिश्ते दरक रहे हैं। अपराध के हालिया आंकड़े खुद इसकी तस्दीक …

एसपी चौहान/मुरादाबाद, अमृत विचार। बदलते दौर में खून या संबंधों के रिश्तों का कोई मायने नहीं। अवैध संबंध और संपत्ति के लालच में अंधे होकर अपने ही अपनों का खून बहाने से तनिक भी नहीं हिचक रहे हैं। संबंधों की डोर कमजोर होने से रिश्ते दरक रहे हैं। अपराध के हालिया आंकड़े खुद इसकी तस्दीक कर रहे हैं।

अपराध के बढ़ते ग्राफ में रिश्तों के कत्ल की दास्तां खाकी के रखवालों को भी हैरान कर रही है। वह भी अपराध की पड़ताल में असल वजह सामने आने पर रिश्तों का खून होता देख चौंक जाते हैं। मगर कानून से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कसने में खाकी अपना फर्ज निभाने में लगी रहती है। जिले में हाल के कई आपराधिक वारदातों में रिश्तों के खून के कई मामलों ने लोगों को भी सोचने के लिए विवश किया।

वर्ष 2021 में जिले में आए हालिया मामलों में अपनों को बलि का बेदी बनाने में रिश्तों की डोर भी टूट गई। अवैध संबंध में कई हत्याएं जघन्य तरीके से की गईं। भोजपुर के मोहल्ला मनिहारन निवासी अफसाना उर्फ सोनम ने अपने प्रेमी परवेज के साथ मिलकर पति की हत्या की षड़यंत्र रचा। ऐसे मामले समाज के वर्तमान तानेबाने की हकीकत बयां कर रहे हैं।

केस एक
मुगलपुरा में प्रेमी से शादी में बाधक बने भाई की बहन ने कराई हत्या
13 जुलाई को मुगलपुरा थानाक्षेत्र के लालबाग निवासी गगन उर्फ गौतम का शव मझोला थानाक्षेत्र में नाले से बरामद किया गया था। गगन की हत्या उसकी सौतेली बहन ने उसकी प्रेमिका और अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। गगन अपनी सौतेली बहन के प्रेम विवाह में रोड़ा बना हुआ था। उसकी सौतेली बहन नंदनी ने उसकी प्रेमिका ममता के साथ मिलकर गगन की हत्या की योजना बनाई थी। इसके बाद उसने तीन जुलाई को अपने प्रेमी प्रदीप और उसके दोस्त वीरु के साथ मिलकर गगन को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को बोरे में भरकर उसका शव जयंतीपुर नाले में डाल दिया।

केस दो
अवैध संबंधों में बाधक बने पति का बहनोई के साथ मिलकर कराया कत्ल
मझोला थानाक्षेत्र के सिरकोई भूड़ में 23 जून 2020 को नगर निगम के जलकल विभाग में ट्यूबवैल आपरेटर 32 वर्षीय शिवकुमार की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद ईंटों से उसका चेहरा भी कुचला गया था। इस मामले में पुलिस ने शिवकुमार की पत्नी रीनू और उसके जीजा प्रकाश नगर निवासी मोनू को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। दोनों ने स्वीकार किया था कि उनके अवैध संबंध थे। शिवकुमार इसमें रोड़ा बना हुआ था। इसलिए उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके बाद दोनों ने मिलकर घटना को अंजाम दे डाला।

केस तीन
संपत्ति के लिए पोते ने घोंटा दादी का गला
बिलारी कोतवाली क्षेत्र में 29 अक्टूबर की रात 80 वर्षीया मंजू गुप्ता की हत्या कर दी गई थी। उनका शव अधजली हालत में घर में ही पड़ा मिला था। विधवा मंजू गुप्ता अपनी पौते सोना के साथ अकेली रहती थीं। सोना की नजर अपनी दादी के मकान पर थी। इसी के चलते रात में उसने दादी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को हादसा दर्शाने के लिए उसने गैस से शव को जला दिया। पुलिस ने सोना को गिरफ्तार करके पूछताछ की तो सच्चाई सामने आ गई। लालच में आकर दादी की हत्या करने वाला सोना फिलहाल सलाखों के पीछे अपने किए की सजा भुगत रहा है।

केस चार
बेटे-पोते ने की वृद्ध की गोली मारकर हत्या
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के मऊ में 29 अगस्त की रात 75 वर्षीय गजराज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मूल रूप से कुंदरकी थानाक्षेत्र के गांव बाछल भूड़ निवासी गजराज सिंह डेढ़ सौ बीघा जमीन के स्वामी थे। उन्होंने 12 बीघा जमीन बेचकर मऊ में दो मंजिला मकान बना लिया था। इसमें वह अकेले ही रहते थे। इसके अलावा भी उन्होंने काफी जमीन और भी बेच दी थी। अब उनके पास केवल 65 बीघा जमीन बची थी। उनके दोनों बेटे अपने-अपने परिवारों के साथ गांव में ही रहते थे। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पुत्र धर्मपाल, उसके बेटे अनिकेत व रचित और भतीजे अंकित को जेल भेजा गया था।

हाल के दिनों में अपराध के नये आयाम दिखे। रिश्तों की डोर इन अपराधों में टूटी। यह रिश्तों की पकड़ न होने और कमजोर सामाजिक ताना बाना का परिचायक है। लोगों को अपराध करते वक्त रिश्तों की भी फिक्र नहीं दिख रही है। यह स्वस्थ समाज के लिए चिंता का विषय है।  बबलू कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

संबंधित समाचार