बरेली: एमईएस के सुपरवाइजर ने रौंदी दो स्कूटी, चाय के ठेले में मारी टक्कर, चाय विक्रेता घायल
बरेली, अमृत विचार। एमईएस के सुपरवाइजर ने देर रात तेज रफ्तार कार से रास्ते में खड़ी दो स्कूटी, मोमोज के दो काउंटर और एक चाय के ठेले में टक्कर मार दी। हादसे में चाय विक्रेता घायल हो गया। वहीं सूचना पर पहुंची बारादरी पुलिस ने रास्ते में खड़ी क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर वाहनों की आवाजाही …
बरेली, अमृत विचार। एमईएस के सुपरवाइजर ने देर रात तेज रफ्तार कार से रास्ते में खड़ी दो स्कूटी, मोमोज के दो काउंटर और एक चाय के ठेले में टक्कर मार दी। हादसे में चाय विक्रेता घायल हो गया। वहीं सूचना पर पहुंची बारादरी पुलिस ने रास्ते में खड़ी क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई। सुपरवाइजर को थाने ले गई, जहां कुछ देर बाद दोनों पक्षों में टूट-फूट का खर्चा देने की बात पर समझौता हो गया।
एमईएस के सुपरवाइजर देर रात तेज रफ्तार में श्यामगंज चौराहे से गांधी उद्यान की ओर जा रहे थे। रास्ते में काटजू मार्ग स्थित हाइडिल कॉलोनी निवासी ध्रुव क्षत्रिय का विकास भवन के पास मोमोज का काउंटर लगता है। ध्रुव ने बताया कि देर रात जब वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे, उसी समय एक तेज रफ्तार कार ने उनके काउंटर में टक्कर मार दी। वहीं काउंटर के पास ही उनकी स्कूटी भी खड़ी थी, कार की टक्कर से वह भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके साथ ही बारादरी के कालीबाड़ी स्थित राधे रमन भी अपनी स्कूटी के साथ खड़े हुए थे। सुपरवाइजर की कार ने उनकी स्कूटी को भी रौंद डाला।
बताया कि स्कूटी व काउंटर में टक्कर मारने के बाद कार आगे बने यात्री शेड में खड़े चाय के ठेले में भिड़ गई। जिसमें चाय के ठेले पर सो रहे चाय विक्रेता सर्वेश के भी चोटें आईं, जिन्हें बाद में लोगों द्वारा स्टैंड में से निकालकर अलग बिठाया गया। वहीं हादसे की सूचना पर बारादरी पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कार चालक ने दबंगई दिखाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद पुलिस कार चालक को थाने लेकर पहुंची तो वहां भी पुलिस के सामने नेताओं को फोन करने की बात करने लगा। हालांकि कुछ देर बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
नहीं मिली क्रेन, जेसीबी से हटाई गाड़ी
हादसे में क्षतिग्रस्त होने के बाद कार चालक ने कार को विकास भवन मार्ग पर बीचों-बीच खड़ा कर दिया। आगे न बढ़ पाने की स्थिति में पूरा रास्ता जाम हो गया। बारादरी पुलिस ने पहले क्रेन मंगाने का प्रयास किया लेकिन निगम की ओर से कोई जबाव नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी बुलाकर बीच रास्ते में खड़ी कार को किनारे करवाया और वाहनों की आवाजाही के लिए रास्ता खोला।
सादा नहीं हम बिसलेरी का पानी पीते हैं
कार चालक को थाने ले जाकर जब पुलिस ने कार चालक को बिठाया तो पहले एक कुर्सी दी गई। उसके बाद पुलिस कर्मियों के सामने ही अपनी नेताओं तक पहुंच कार चालक द्वारा दिखाई जाने लगी। इसी दौरान कार चालक ने पानी की मांग की तो पुलिस कर्मी ने सादा पानी पिलाने का प्रयास किया, लेकिन कार चालक ने मना कर दिया। इसके बाद कार चालक ने अपने साथी से बिसलेरी की बोतल मंगाकर पानी पिया। काफी देर तक कार चालक अपने परिचितों से फोन पर लगातार बात करता रहा।
