बरेली: मंडी शुल्क समाप्ति को लेकर विधायकों से मिले व्यापारी नेता
बरेली, अमृत विचार। कृषि कानूनों की वापसी के बाद मंडी शुल्क को लेकर जारी व्यापारियों का विरोध कम होता नहीं दिख रहा। गुरुवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता पदाधिकारियों के साथ बिथरीचैनपुर विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल से मिले। राजेंद्र गुप्ता ने मंडी शुल्क से प्रभावित व्यापारियों की …
बरेली, अमृत विचार। कृषि कानूनों की वापसी के बाद मंडी शुल्क को लेकर जारी व्यापारियों का विरोध कम होता नहीं दिख रहा। गुरुवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता पदाधिकारियों के साथ बिथरीचैनपुर विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल से मिले।
राजेंद्र गुप्ता ने मंडी शुल्क से प्रभावित व्यापारियों की समस्याएं बताते हुए कहा कि मंडी शुल्क जितना व्यापारियों को परेशान करता है, उससे कहीं अधिक और कई गुना भ्रष्टाचार उनके व्यापार में अवरोध उत्पन्न करता है। क्योंकि मंडी शुल्क कई पड़ोसी राज्यों में लागू नहीं है, इसलिए इससे प्रभावित होने वाले व्यापारियों का व्यापार भी मंदा पड़ गया है। इस कारण व्यापार मंडल हर कीमत पर मंडी शुल्क की समाप्ति चाहता है। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।
इसी कड़ी में व्यापारी दोपहर में शहर विधायक डा. अरुण कुमार से भी मिले। उनको भी ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में गल्ला मंडी के अध्यक्ष अवधेश अग्रवाल, कैलाश मित्तल, दाल मिल एसोसिएशन से सुरेश जैन, मेंथा एसोसिएशन से चंद्रसेन गंगवार, प्लाई वुड एसोसिएशन से रोशन अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, श्याम मिढवानी, गुलशन सब्बरवाल, त्रिलोकीनाथ आदि शामिल रहे।
