बहराइच: तेंदुए ने घर में लगाई छलांग, आंगन में खेल रहे बच्चे पर किया हमला
बहराइच। नौसर गुमटीहा गांव निवासी ग्रामीण के घर में तेंदुए ने छलांग लगा दी। तेंदुए ने आंगन में खेल रहे मासूम बच्चे को दबोच लिया। बच्चे के चिल्लाने पर परिवार के लोगों ने शोर मचाया। शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। घायल बच्चे को परिवार के लोग सीएचसी ले गए। अस्पताल में …
बहराइच। नौसर गुमटीहा गांव निवासी ग्रामीण के घर में तेंदुए ने छलांग लगा दी। तेंदुए ने आंगन में खेल रहे मासूम बच्चे को दबोच लिया। बच्चे के चिल्लाने पर परिवार के लोगों ने शोर मचाया। शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। घायल बच्चे को परिवार के लोग सीएचसी ले गए। अस्पताल में बच्चे का इलाज चल रहा है। वन कर्मियों ने मौके का मुआयना किया है। तेंदुए के हमले की पुष्टि की है। साथ ही घायल के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। गांव में वन कर्मी गश्त कर रहे हैं।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत नौसर गुमटिहा के मजरा गोरियपुरवा गांव जंगल से सटा हुआ है। गांव निवासी धर्म प्रकाश (8) पुत्र विजय कुमार घर में खेल रहा था। तभी जंगल से निकल कर तेंदुआ दीवाल फांदकर आंगन में घुस गया। तेंदुआ ने आंगन में खेल रहे बालक पर हमला कर दिया। तेंदुआ के हमला करते ही धर्म प्रकाश रोने लगा। दौड़े परिवार के लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर गया।
बालक को अस्पताल पहुंचाया गया। सीएचसी मोतीपुर में घायल बालक का इलाज चल रहा है। ग्रामीणों ने हमले की सूचना रेंज कार्यालय में दी। वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र मौर्य टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने तेंदुए के हमले की पुष्टि की। साथ ही तेंदुए के पदचिन्ह से लोगों को अवगत कराया। वन क्षेत्राधिकारी ने घायल के परिवार को 500 रुपए की आर्थिक मदद दी। उन्होंने बताया कि ठंड बढ़ने से तेंदुआ जंगल से बाहर निकल रहा है। ऐसे में सभी ग्रामीण सतर्क रहें।
गांव में मिल रहा जंगल का मौसम
इस समय तराई में ठंड पड़ने लगी है। ऐसे में जंगल में और अधिक ठंड हो रही है। जंगल के मौसम की तरह इस समय गांव का मौसम भी जीवों को मिल रहा है। जिससे तेंदुए गांव से बाहर आ रहे हैं। हमले से बचने के लिए ग्रामीण सतर्क रहने के साथ समूह में ही जाएं…आकाशदीप वधावन डीएफओ कतर्नियाघाट।
