बरेली: सपा आजम खान की नहीं हुई तो मुसलमानों की क्या होगी- तौकीर रजा
बरेली, अमृत विचार। फरीदापुर में शनिवार शाम आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान ने जनसभा की जिसमें मौलाना ने कहा कि कौम के हक में हमें जो बेहतर लगा, वह किया है। देवबंद और हमारे मजहबी असहमतियां हैं। इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा लेकिन आतंकवाद और मिल्लत के हक में एक प्लेटफार्म पर आना …
बरेली, अमृत विचार। फरीदापुर में शनिवार शाम आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान ने जनसभा की जिसमें मौलाना ने कहा कि कौम के हक में हमें जो बेहतर लगा, वह किया है। देवबंद और हमारे मजहबी असहमतियां हैं। इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा लेकिन आतंकवाद और मिल्लत के हक में एक प्लेटफार्म पर आना चाहिए। अगर मिल्लत के मसाइल पर बंट गए तो भाजपा उसी तरह जीत जाएगी जैसे पिछली बार जीती है।
मौलाना ने कहा कि आज हर चौराहे पर मुसलमान टिकट के दावेदारों के होर्डिंग लटक रहे हैं। यह वही दावेदार हैं जो सपा-सपा करते हैं, लेकिन जिस समाजवादी पार्टी ने आजम खां को मुस्लिम चेहरा बनाकर इस्तेमाल किया, मुसलमानों के वोट लिए जब भाजपा आई तो उन्हीं आजम खान को मुर्गी चोरी, किताब चोरी के आरोप में जेल के अंदर डाल दिया। सपा अपने नेता की नहीं हुई वह आप की क्या होगी। खुद को सेक्युलर कहने वाली पार्टियां क्या कर रही हैं।
सच यह है कि मुसलमान के वोट तो चाहिए लेकिन मुसलमानों के साथ कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि फरीदापुर के युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है जिस पर स्थानीय लोगों को ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर डा. नफीस खान, नदीम खान, मुनीर इदरीसी, फरहत खान, मकदूम बेग, सलीम खान, रुकसार खान,कामरान खान, लियाकत,सलीम नूरानी आदि मौजूद रहे।
