रामपुरः गौवध के 4 आरोपियों की होगी एक करोड़ की संपत्ति कुर्क
रामपुर, अमृत विचार। गौवध जैसे कुल 71 मुकदमों में अभियुक्त बनाए गए नगर के तीन हिस्ट्रीशीटरों समेत चार लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इसी के साथ इन अभियुक्तों द्वारा अपराधिक कृत्यों से अर्जित की गई चल-अचल सम्पत्ति भी जब्त करने की कार्रवाई भी पुलिस से शुरू कर दी है। …
रामपुर, अमृत विचार। गौवध जैसे कुल 71 मुकदमों में अभियुक्त बनाए गए नगर के तीन हिस्ट्रीशीटरों समेत चार लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इसी के साथ इन अभियुक्तों द्वारा अपराधिक कृत्यों से अर्जित की गई चल-अचल सम्पत्ति भी जब्त करने की कार्रवाई भी पुलिस से शुरू कर दी है।
शनिवार को कोतवाली पुलिस ने बताया कि इन चारों अभियुक्तों की चिन्हित की गई सम्पत्ति का मूल्य एक करोड़ 14 लाख 58 हजार रुपये आंका गया है। गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध किए गए इन लोगों में मुन्ने उर्फ गुलाम नबी तथा तीन हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त लईक, बब्बू व असलम बताए जाते हैं। यह चारों ही नगरीय वार्ड टांडा हुरमतनगर के रहने वाले हैं। अभियुक्त मुन्ने पर नौ, बब्बू पर बाईस, लईक पर बारह तथा असलम पर अट्ठाईस मुकदमें दर्ज हैं। इन चारों पर दर्ज कुल मुकदमों की संख्या 71 है। ज्ञात हो कि पुलिस प्रशासन इन दिनों गौवध को लेकर काफी सख्ती दिखा रहा है।
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस की इस कार्रवाई को काफी महत्वपूर्ण समझा जा रहा है। कुछ समय पूर्व तत्कालीन पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार चौधरी ने टांडा हुरमतनगर में स्वयं छापेमारी कर उक्त चारों को गौकशी करते पकड़ा था। इस मामले में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक तेजवीर सिंह का कहना है कि इन चारों आरोपियों पर बड़ी संख्या में मुकदमें दर्ज हैं। इसलिए उन पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। उच्चाधिकारियों का निर्देश मिलने पर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
