सीतापुर: विवाहिता की हत्या कर सड़क किनारे फेंका शव, जांच में जुटी पुलिस
पिसावां/सीतापुर। हत्यारों ने एक नव विवाहिता की हत्या कर उसकी लाश को पिसावां इलाके में पिहानी मार्ग के किनारे एक खेत में फेंक दिया। मंगलवार की सुबह विवाहिता का शव पड़ा देखकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था। जिससे माना जा रहा है कि विवाहिता की गला घोंट कर …
पिसावां/सीतापुर। हत्यारों ने एक नव विवाहिता की हत्या कर उसकी लाश को पिसावां इलाके में पिहानी मार्ग के किनारे एक खेत में फेंक दिया। मंगलवार की सुबह विवाहिता का शव पड़ा देखकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था। जिससे माना जा रहा है कि विवाहिता की गला घोंट कर हत्या कर दी गई और उसकी लाश को यहां लाकर फेंक दिया गया।
मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। खबर पाकर सुबह पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों ने पहुंच कर जांच पड़ताल की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि विवाहिता की हत्या कर लाश यहां फेंकी गई है। शव की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पिसावां इलाके में महोली-पिहानी मार्ग पर मंगलवार की सुबह कुछ ग्रामीणों ने ढफरापुर व हिम्मत नगर गांव के बीच में सड़क किनारे खेत में एक अज्ञात विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में पड़ा देखा। शव देखकर इलाके में सनसनी फैल गई। कुछ ही देर में वहां काफी संख्या में लोग जमा हो गए। जानकारी होते ही थाने से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने भी जांच पड़ताल की। जानकारी होने पर सीओ मिश्रिख ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की है।
मृतका की उम्र करीब अटठाइस साल बताई जा रही है। उसने सलवार, कमीज व लाल-सफेद रंग का स्वेटर पहन रखा था। पुलिस के मुताबिक उसने बिछिया पहन रखी थी। बिंदी भी लगाए थी। जिससे माना जा रहा है कि मृतका विवाहिता थी। लाश के पड़ोस में पानी की एक बोतल भी पड़ी देखी गई। मृतका के गले में दुपट्टा कसा हुआ था। जिसमें कई गांठ लगी थीं। माना जा रहा है कि विवाहिता की गला घोंट कर हत्या कर दी गई और उसकी लाश को यहां लाकर फेंक दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की है। साथ ही शव की पहचान का भी प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक लाश की पहचान नहीं हो सकी। इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह का कहना है कि अज्ञात विवाहिता महिला की लाश पड़ी मिली है। महिला के गले में दुपटटा कसा हुआ है। जिससे प्रतीत हो रहा है कि उसकी गला कस कर हत्या की गई है। लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही शव की पहचान की भी कोशिश की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कई टीमों ने शुरू की जांच
पिसावां इलाके में हत्या कर फेंकी गई विवाहिता की लाश के मामले को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। साथ ही घटना का खुलासा करने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। जानकारी होने पर फिंगर प्रिंट टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाएं हैं। साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी घटना स्थल का मुआयना कर कई पहलुओं पर जांच शुरू की है।
यह भी पढ़ें:-कानपुर: खराब मौसम के चलते पीएम मोदी ने सड़क मार्ग से तय की 22 किमी. की दूरी
