मुरादाबाद : प्रियंका की ससुराल में कांग्रेस की जड़ मजबूत करने में जुटे हैं पार्टी के बड़े नेता
मुरादाबाद, अमृत विचार। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की खोई जमीन मजबूत करने के लिए पार्टी ने मुरादाबाद को केंद्र बिंदु बनाया है। यह बेवजह नहीं है, क्योंकि मुरादाबाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की ससुराल है। इसको देखते हुए पार्टी के शीर्ष नेता यहां डेरा डाले हैं। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की खोई जमीन मजबूत करने के लिए पार्टी ने मुरादाबाद को केंद्र बिंदु बनाया है। यह बेवजह नहीं है, क्योंकि मुरादाबाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की ससुराल है। इसको देखते हुए पार्टी के शीर्ष नेता यहां डेरा डाले हैं।
मुरादाबाद से विरोधियों पर निशाना साधकर कांग्रेस की जिले व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में खोए जनाधार को हासिल करने के लिए पार्टी बेचैन है। प्रियंका गांधी वाड्रा की ससुराल में भी पार्टी विधानसभा चुनाव में 1984 के बाद से अब तक जीत के लिए तरस रही है। जीत के इस सूखे को खत्म करने के लिए पार्टी के रणनीतिकार बेचैन हैं।
इसलिए यहां नवंबर से लेकर अब तक हरियाणा के सांसद दिपेंद्र सिंह हुड्डा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद, राज्यसभा के पूर्व सांसद राशिद अल्वी और वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश के सह प्रभारी तौकीर आलम ने डेरा डाल दिया है। आए दिन किसी ने किसी कार्यक्रम के बहाने जिले से भाजपा, सपा, बसपा आदि दलों पर सियासी तीर पार्टी के बड़े नेता चला रहे हैं। प्रियंका की प्रतिज्ञा गिना पार्टी की डूब रही नैया को पार लगाने की पुरजोर कोशिश की जा रही है।
राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम कहते हैं कि भाजपा के कुशासन से जनता ऊब चुकी है। राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा से भाजपा सहित अन्य विरोधी दलों में खलबली है। जनता कांग्रेस का समर्थन कर रही है। कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रदेश का चतुर्दिक विकास होगा।
