मुरादाबाद : प्रमुख चौराहों पर लगेंगी सेंसरयुक्त स्ट्रीट लाइट
विनोद श्रीवास्तव/ मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद की सड़कें भी नये साल में सेंसर युक्त लाइटों से जगमग होंगी। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत निगम क्षेत्र में पथ प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए नई सेंसर युक्त लाइटें नये साल में लगेंगीं। इससे बेहतर रोशनी तो मिलेगी ही, इसके संचालन के लिए कर्मचारियों की जरुरत नहीं पड़ेगी। …
विनोद श्रीवास्तव/ मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद की सड़कें भी नये साल में सेंसर युक्त लाइटों से जगमग होंगी। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत निगम क्षेत्र में पथ प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए नई सेंसर युक्त लाइटें नये साल में लगेंगीं। इससे बेहतर रोशनी तो मिलेगी ही, इसके संचालन के लिए कर्मचारियों की जरुरत नहीं पड़ेगी। इसका रखरखाव निगम प्रशासन करेगा।
स्मार्ट सिटी में शामिल मुरादाबाद नगर निगम क्षेत्र में सुविधाएं भी हाईटेक हो रही हैं। निगम क्षेत्र में जहां नये साल में 25 इलेक्ट्रिक बसें फर्राटा भरेंगीं वहीं प्रमुख चौक चौराहों पर सेंसर युक्त स्ट्रीट लाइटें लगेंगीं। यह लाइटें दिन में अपने आप बुझ जाएंगीं लाइटें, जिससे दिन में न जलने से बिजली की खपत कम होने से राजस्व खर्च भी बचेगा। साथ ही इसको आपरेट करने के लिए कर्मचारियों की लंबी चौड़ी फौज की जरुरत नहीं होगी। पथ प्रकाश के लिए लगीं इन लाइटों का रखरखाव नगर निगम प्रशासन के हाथ में रहेगा। कार्यदायी संस्था से जल्द ही सेंसरयुक्त लाइटें मंगाने का आर्डर दिया जा चुका है।
हर वार्ड में लगेंगीं बीस-बीस अतिरिक्त लाइटें : वार्डों में भी पथ प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए निगम प्रशासन कदम बढ़ा रहा है। वार्डों में पथ प्रकाश की लचर व्यवस्था और खराब लाइटों को बदलने में हीलाहवाली की पार्षदों की शिकायत को देखते हुए निगम प्रशासन ने हर वार्ड में 20-20 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगवाएगा। इसके लिए 1100 लाइटें मंगाने का दावा निगम प्रशासन ने किया है।
नये साल में शहर नये रुप में दिखेगा। पथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रमुख चौक चौराहों पर सेंसर युक्त स्ट्रीट लाइटें लगेंगीं। पहले स्ट्रीट लाइटों को जलाने बुझाने के लिए 200 कर्मचारी लगे थे, अब उन्हें दूसरे कार्य में लगाया जाएगा। वार्डों में पथ प्रकाश बेहतर करने के लिए बीस-बीस अतिरिक्त लाइटें फौरी तौर पर लगाएंगे। –संजय चौहान, नगर आयुक्त
