बरेली: रोड शो में अमित शाह की सुरक्षा संभालेंगे ब्रीफकेस वाले कमांडो
बरेली, अमृत विचार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहली बार बरेली शहर में रोड शो कर रहे हैं। करीब एक लाख भीड़ के साथ रोड शो करने के दौरान अमित शाह की सुरक्षा व्यवस्था बनाने को लेकर पुलिस प्रशासन की नींद उड़ गई है। हालांकि शाह की सुरक्षा व्यवस्था सीआरपीएफ के कमांडो संभालेंगे। करीब 30 …
बरेली, अमृत विचार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहली बार बरेली शहर में रोड शो कर रहे हैं। करीब एक लाख भीड़ के साथ रोड शो करने के दौरान अमित शाह की सुरक्षा व्यवस्था बनाने को लेकर पुलिस प्रशासन की नींद उड़ गई है। हालांकि शाह की सुरक्षा व्यवस्था सीआरपीएफ के कमांडो संभालेंगे। करीब 30 कमांडो रोड शो के दौरान जिस रथ में शाह सवार होंगे, उसकी सुरक्षा करेंगे। एसपीजी की तर्ज पर सीआरपीएफ के कमांडो को ब्रीफकेस बैलिस्टिक शील्ड दी गई हैं। ये ब्रीफकेस वही हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में तैनात एसपीजी के कमांडो साथ लेकर चलते हुए देखे जाते हैं।
बताते हैं कि हमले का आभास होने के दौरान ब्रीफकेस ओपन करते हुए यह बुलेट से सुरक्षा प्रदान करता है। सीआरपीएफ के कमांडेंट और उनके कमांडो तीन दिन से बरेली में डेरा जमाए हैं। सर्किट हाउस में कमांडो ठहरे हुए हैं। शाह के रोड शो से जुड़ी हर चीज कमांडेंट अपनी निगरानी में करा रहे हैं, ताकि किसी प्रकार की कोई चूक न हो सके। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों के भी पास जारी हो रहे हैं जो शाह के आसपास रहेंगे।
बुधवार दोपहर कमांडेंट ने एडीएम सिटी डा. आरडी पांडेय, एसपी सिटी रवींद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय, भाजपा महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा, देवेंद्र जोशी समेत अन्य पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट में बैठक की। इस दौरान कमांडेंट ने अधिकारियों से रोड शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाने के संबंध में जानकारी ली। कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री की सुरक्षा का जिम्मा सीआरपीएफ कमांडो संभालेंगे। अन्य सुरक्षा व्यवस्था पुलिस प्रशासन कर ले।
झुमका तिराहे से शुरू होकर पटेल चौक तक रोड शो का कार्यक्रम
अमित शाह जन विश्वास यात्रा के समापन के मौके पर शहर में रोड शो करेंगे। जन विश्वास यात्रा 31 दिसंबर को मीरगंज से चलेगी। करीब 300 गाड़ियों के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत सभी सांसदों व विधायक रथ पर सवार होकर झुमका तिराहे से दोपहर बाद 3 बजे शहर के लिए चलेंगे। गौटिया भट्टा, नंदौसी, मथुरापुर, जौहरपुर, पस्तौर मोड़, खलीलपुर, स्लीपर रोड, अटरिया, महेशपुरा, मिनी बाईपास, सत्यप्रकाश पार्क, स्वालेनगर में यात्रा का भव्य स्वागत होगा।
किला के पास तिलक इंटर कॉलेज से जन विश्वास यात्रा रोड शो में बदल जाएगी। भाजपा के जन विश्वास यात्रा के रूट को लेकर जारी कार्यक्रम के अनुसार तिलक इंटर कॉलेज से ही अमित शाह रोड शो में शामिल हो जाएंगे। रोड शो तिलक इंटर कॉलेज से शुरू होकर किला थाना से साहूकारा, नीम चढ़ाई, सीताराम कूंचा, दीपक मिठाई, कटरा मानराय, जगत टाकीज, गली नवावान, कुतुबखाना तक निकलेगा। यहां के बाद शास्त्री मार्केट, आलमगिरीगंज, शील अस्पताल, मठ की चौकी, साहू गोपीनाथ, स्टेट बैंक शाहमतगंज, शाहमतगंज छोटा चौराहा, शाहमतगंज मेन चौराहा तक भव्य स्वागत होगा।
यहां से रोड शो ऊंचा शिखर मंदिर, काली मंदिर, निवास कैंट विधायक, बरेली कॉलेज गेट, नगर निगम गेट से होते हुए पटेल चौक जाकर समाप्त होगा। यहां जोरदार स्वागत के बाद अमित शाह जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम करीब 5.10 बजे रोड शो शुरू होकर देर शाम 7.15 बजे समाप्त होगा।
37 स्थानों पर स्वागत होगा
जन विश्वास यात्रा का झुमका चौराहा से लेकर पटेल चौक तक 37 स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम रखा गया है। इसमें कौन कहां स्वागत करेगा, इसकी रूपरेखा बनाकर प्रदेश कार्यालय को भी भेजी गई थी। इसके साथ रथ के दोनों ओर भाजयुमो की सुरक्षा टीम भी तैनात रहेगी। 25 सक्रिय कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई है। सूची वीवीआई प्रभारी को सौंपी गई। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की सुरक्षा में ड्यूटी लगाई है।
जन विश्वास यात्रा का 31 को होगा भव्य स्वागत: ब्रज बहादुर
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर पाठक ने बुधवार शाम सिविल लाइंस के एक होटल में पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि 31 दिसंबर को बरेली में जन विश्वास यात्रा का भव्य स्वागत होगा। जो ऐतिहासिक रूप में होगा। इसको लेकर पार्टी के कार्यकर्ता जीजान से लगे हुए हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के स्वागत के लिए बरेली तैयार है। रोड शो में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी रहेंगे। शहर में विभिन्न स्थानों पर भव्य द्वार बनाकर स्वागत किया जाएगा।
हर वार्ड को लेकर रूपरेखा तैयार की गयी है। हर मंडल से भारी संख्या में पदाधिकारी जन विश्वास यात्रा में पहुंचे। शहर में लगभग 20 स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम है। पुष्प वर्षा की जाएगी। पत्रकार वार्ता में नगर विधायक डॉ अरुण कुमार, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष वीर सिंह पाल, महानगर अध्यक्ष डॉ केएम अरोड़ा, प्रत्तेश पांडे, देवेंद्र जोशी, महानगर मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाएं कार्यकर्ता
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रोड शो एवं जनसभा की सफलता के लिए रानी महालक्ष्मी बाई इंटर कॉलेज, गांधीपुरम इज्जत नगर में संपन्न हुई। जिसमें महानगर उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा सौरभ जैन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं के रोड शो में शामिल होने की बात कही। मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह, महामंत्री मोहन भट्ट, जगत राम वर्मा, मानव सक्सेना, एसके जैन, प्रकाश सक्सेना, सुनील शर्मा, शोभित सक्सेना, कुलदीप गंगवार, गौरव गौरांग व नीरज गोस्वामी आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
