बरेली: बढ़ेगी मुसीबत- नए साल के जश्न पर फिर कोरोना का साया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नए साल के जश्न पर फिर से कोरोना का ग्रहण लग गया है। रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू की वजह से होटलों और रेस्टोरेंट में 31 दिसंबर की देर रात कार्यक्रम नहीं होंगे। जिला प्रशासन ने सिर्फ तीन होटलों में पाबंदियों के साथ सीमित समय तक आयोजन …

बरेली, अमृत विचार। नए साल के जश्न पर फिर से कोरोना का ग्रहण लग गया है। रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू की वजह से होटलों और रेस्टोरेंट में 31 दिसंबर की देर रात कार्यक्रम नहीं होंगे। जिला प्रशासन ने सिर्फ तीन होटलों में पाबंदियों के साथ सीमित समय तक आयोजन की अनुमति दी है। इससे तमाम होटल व रेस्टोरेंट कारोबारी निराश हैं क्योंकि नए साल को लेकर तमाम इंतजाम किए थे, सारी उम्मीदों पर फिर पानी फिर गया। इससे लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।

नए साल का जश्न 31 दिसंबर की रात में होता है। पिछली साल भी कोरोना के कारण नए साल की खुशियों पर पानी फिर गया था। इस बार भी यह स्थिति दोहरा गई है। नाइट कर्फ्यू के चलते नए साल के स्वागत का जश्न फीका रहेगा। जारी शासनादेश के मुताबिक नए साल के स्वागत में होटलों और रेस्टोरेंट में रात को होने वाली पार्टियां नहीं होंगी।

शासन के इस आदेश की कॉपी सभी होटल व रेस्टोरेंट कारोबारियों को पकड़ा दी गई है और उसका शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए हैं। ट्रैवल एजेंसियां भी नाममात्र की बुकिंग मिलने से परेशान हैं। एजेंसी संचालकों का कहना है कि नए साल पर घूमने-फिरने के लिए जाने वाले 30 दिसंबर को ही बुकिंग कराते हैं, लेकिन इस बार कोरोना के नए वेरिएंट की आहट से बुकिंग भी नाममात्र मिली।

नुकसान झेलेंगे होटल कारोबारी
31 दिसंबर की रात 11 बजे के बाद कोई भी कार्यक्रम नहीं रखने के निर्देश दिए हैं। इसका पालन करते हुए कार्यक्रमों की बुकिंग को निरस्त कर दी है। 31 की रात होटल में कोई कार्यक्रम नहीं होगा। कोरोना संक्रमण एक बार फिर से फैलने की आशंका के चलते नाइट कर्फ्यू लगने के कारण कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ेगा। -सतीश अग्रवाल, होटल संचालक

नए साल के स्वागत में 31 दिसंबर की रात को पार्टियां होती थीं। लेकिन इस बार नाइट कर्फ्यू ही लगा दिया है, ऐसे में पार्टियां संभव नहीं है। प्रशासन ने कार्यक्रम नहीं करने के निर्देश दिए हैं। इसका अनुपालन होगा। 31 की रात के लिए जो बुकिंग थीं उन्हें कैंसिल कर दिया है। -सुमित भारद्वाज, होटल एंड रेस्टोरेंट संचालक

प्रशासन से अनुमति मिलने पर नए साल के जश्न की तैयारियां पूरी हैं। कपल व फैमली के लिए डीजे सिस्टम सहित ललीज पकवान व व्यंजन की व्यवस्था होगी। शासन के दिशा निर्देशानुसार होटल में कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन होगा। कोविड वैक्सीन की दोनों डोज का प्रमाण प्रत्र दिखाने वालों को ही प्रवेश मिलेगा। -मेहताब सिद्दीकी, एमडी होटल रेडिसन

नववर्ष पर लोग पहाड़ी इलाकों और धार्मिक स्थलों पर जाने के लिए गाड़ियों की बुकिंग ज्यादातर 30 दिसंबर को ही कराते हैं। अभी सिर्फ दो-तीन बुकिंग हैं। कोरोना के नए स्वरूप के आने का भय भी लोगों में हैं, ऐसे में लोग दूसरे राज्यों में जाने से संकोच भी करेंगे। -विकास शर्मा, ट्रैवल एजेंसी संचालक

लोगों की बात

नया साल मनाने के लिए परिजन के साथ किसी धार्मिक स्थल पर जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित होने जाने का डर सताने लगा है। इसलिए सबने घर में रहकर ही नए साल का स्वागत करने का निर्णय लिया है। -विनोद

दोस्तों के साथ नैनीताल जाने का प्लान था। अब जब कोरोना फिर से अपना असर दिखाने लगा है और संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं तब अपने घर व जिले से बाहर जाना ठीक नहीं लग रहा। नए साल का इस्तकबाल परिवार के साथ घर पर रहकर करेंगे। -एमएम सिंह

संबंधित समाचार