शाहजहांपुर: समस्याओं के ढेर में गुम हो गया पुवायां का विकास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर/पुवायां, अमृत विचार। कृषि संपदा से परिपूर्ण जिले की तहसील पुवायां क्षेत्र को मिनी पंजाब कहा जाता है। तहसील मुख्यालय दिल्ली-पलिया राष्ट्रीय राज मार्ग पर स्थित है और इस मार्ग पर भैंसी पुल का निर्माण नहीं हो पा रहा है, जबकि भाजपा विधायक चेतराम ने 2017 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान इसे बनवाने का …

शाहजहांपुर/पुवायां, अमृत विचार। कृषि संपदा से परिपूर्ण जिले की तहसील पुवायां क्षेत्र को मिनी पंजाब कहा जाता है। तहसील मुख्यालय दिल्ली-पलिया राष्ट्रीय राज मार्ग पर स्थित है और इस मार्ग पर भैंसी पुल का निर्माण नहीं हो पा रहा है, जबकि भाजपा विधायक चेतराम ने 2017 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान इसे बनवाने का वायदा भी किया था। विधायक के प्रयास से एस्टीमेट तो कई बार शासन को भेजा गया, लेकिन इसके निर्माण को मंजूरी नहीं मिल सकी।

रोडवेज बस अड्डा भी दशकों पुराना है। हालांकि विधायक के प्रयास से महिला अस्पताल, आईटीआई भवन, डिग्री कॉलेज, ड्रग वेयर हाउस, विद्युत सब स्टेशन के क्षमता विस्तार सहित कई सड़कों का चौड़ीकरण कराया गया तो कई की मरम्मत कराई गई, लेकिन सड़कों की समस्या, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली जस की तस है।

पुवायां विधानसभा क्षेत्र में कस्बा पुवायां, बंडा और खुटार प्रमुख कस्बे हैं। विधायक चेतराम बताते हैं कि उन्होंने खुटार पीएचसी को सीएचसी का दर्जा दिलवाकर भवन बनावाया, जिससे लोगों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय नहीं दौड़ना पड़ता है। इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में पुवायां खुटार मार्ग पर शहीद भगत सिंह डिग्री कॉलेज की स्थापना कराई।

पुवायां सीएचसी में महिला अस्पताल भवन का निर्माण कराया। इसके अलावा उन्होंने पुवायां में आईटीआई भवन, खुटार के रामपुर कलां में राजकीय इंटर कॉलेज बनवाया। विधायक का दावा है कि बेरोजगारों को रोजगार दिलवाने के लिए बड़ी फैक्ट्री लगवाने के लिए प्रयासरत हैं। बताया कि बंडा को नगर पंचायत का दर्जा दिलवाया। विधायक ने बंडा चौराहे पर बस अड्डे का निर्माण, सार्वजनिक शौचालय बनवाने, खुटार में रोडवेज बस अड्डा और रेलवे लाइन बनवाने का वायदा किया था, जो पूरा नहीं हो सका।

विधायक का दावा है कि उन्होंने बंडा के देवकली और मुड़िया कुर्मियात में बिजली उपकेंद्र का निर्माण कराया। कुल मिलाकर जहां काफी काम कराए गए हैं, वहीं अनेक मुद्दे आज भी बरकरार हैं। समस्याएं जस की तस है। लोगों को आवागमन में दिक्कत उठानी पड़ रही है तो स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली की समस्या बरकरार है।

मुद्दा: भैंसी नदी का पुल इस बार भी नहीं बना
दिल्ली-पलिया राष्ट्रीय राज मार्ग पर स्थित भैंसी नदी के पुल का निर्माण हर चुनाव में मुद्दा बनता है, लेकिन इसका निर्माण नहीं हो पा रहा है। इस पुल पर लोहे के पटले पड़े हैं। आवागमन में ज्यादा दिक्कत होने पर मरम्मत करा दी जाती है, जबकि नदी पर पुल निर्माण की आवश्यकता है, लेकिन इसे मंजूरी नहीं मिल पा रही है।

रोडवेज बस अड्डा भी नहीं बन पाया
बुजुर्ग बताते हैं कि पुवायां का रोडवेज बस अड्डा 1960 के दशक में बनाया गया था। आबादी के लिहाज से अब इसके पुनर्निर्माण की जरूरत है। विधायक ने रोडवेज बस अड्डा बनवाने का वायदा भी किया था, लेकिन यह नहीं बन सका। रोडवेज बस अड्डे पर बैठने के लिए न तो सीटें हैं और न ही अन्य सुविधाएं।

जो वादे किए, वे पूरे हुए: चेतराम
2017 में चुनाव लड़ने के दौरान जनता से जो भी वादे किए थे, उन्हें पूरा कराने का प्रयास किया। तकनीकी कारणों से कुछ काम रह गए। जैसे एनएचआई के कार्यक्षेत्र की वजह से भैंसी पुल के निर्माण की मंजूरी, किसी इंडस्ट्री की स्थापना और जगह न मिलने के कारण स्टेडियम का निर्माण। इसमें भैंसी नदी पर पुल के निर्माण को मंजूरी जल्द ही मिल जाएगी।

फिलहाल आजादी के बाद से इलाके में कभी इतने काम नहीं हुए, जितने भाजपा की सरकार में कराए गए। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में रिकार्ड काम कराए गए हैं। गांवों में पुल और पुलिया का निर्माण कराया गया। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए स्टेडियम का निर्माण नहीं हो पाया। जिसका लाभ युवाओं को मिलेगा। -चेतराम, विधायक- पुवायां।

नहीं हो सका क्षेत्र का विकास: उपेंद्रपाल
भाजपा के विधायक और सरकार सिर्फ धर्म और जाति के आधार पर चुनाव जीतना चाहते हैं। क्षेत्र की टूटी सड़कें, भैंसी नदी का जर्जर पुल उनकी विफलता का प्रमाण है। अब चुनाव आ गया है तो भाजपा विधायक सपा सरकार के मंजूर कामों को कराना बताकर अपनी उपलब्धि बता रहे हैं।

कुल मिलाकर भाजपा और उनके विधायक झूंठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन अब जनता जान चुकी है। इस बार किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है। एक ही कार्यकाल में भाजपा का चेहरा सामने आ चुका है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अस्पतालों में इलाज न मिलने, थानों और सरकारी दफ्तरों में कोई सुनवाई न होने से जनता परेशान है और अब फिर से सपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। -उपेंद्रपाल, विधानसभा प्रभारी- पुवायां (सपा)

लोग बोले…….

क्षेत्रीय विधायक जनता की समस्याओं पर ध्यान ही नहीं दे रहे हैं। विधायक निधि से सड़कें बनते ही उखड़नी शुरू हो जाती हैं। क्योंकि हर किसी को अपना कमीशन चाहिए होता है। इस सरकार में भ्रष्टाचार खत्म नहीं हो पा रहा है । -मोईन पठान, निवासी-पुवायां।

भाजपा सरकार के विधायक को जनता से मिलने की फुर्सत ही नहीं रही। उनको सिर्फ जनता से झूठे वादे करने आते हैं। चुनाव जीतने के बाद विधायक कभी गांव देखने भी नहीं आए और अब चुनाव नजदीक आ गया तो गांव गांव घूम रहे हैं। -अजय पांडेय, अधिवक्ता।

  • कुल मतदाता – 3,85,553
  • पुरुष मतदाता – 2,06,540
  • महिला – 1,78,987
  • ट्रांस जेंडर – 26

संबंधित समाचार