बरेली: उम्मीद 2022- जिले में सुधरेगी स्वास्थ्य विभाग की सेहत
बरेली, अमृत विचार। मरीजों को समय पर बेहतर इलाज और सुविधाएं देने का दावा करने वाला स्वास्थ्य महकमा चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा है। दरअसल, सच्चाई यह है कि जिले में शासन की ओर से चिकित्सकों के कुल 237 पद निर्धारित किए गए हैं, लेकिन इन पदों के सापेक्ष जिले में महज 160 पदों …
बरेली, अमृत विचार। मरीजों को समय पर बेहतर इलाज और सुविधाएं देने का दावा करने वाला स्वास्थ्य महकमा चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा है। दरअसल, सच्चाई यह है कि जिले में शासन की ओर से चिकित्सकों के कुल 237 पद निर्धारित किए गए हैं, लेकिन इन पदों के सापेक्ष जिले में महज 160 पदों पर ही चिकित्सक तैनात हैं।
अन्य पदों पर कई वर्षों से चिकित्सक तैनात न होने से व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं, गौर करने वाली बात यह है कि इन चिकित्सकों में आठ ऐसे चिकित्सक भी शामिल हैं जो कि प्रशासिनक सेवाएं दे रहे हैं, इनकी मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की कोई भूमिका नहीं है। हालांकि, नये साल पर विभागीय अधिकारी चिकित्सकों की तैनाती की संभावना जता रहे हैं।
जिला अस्पताल में भी विशेषज्ञों का टोटा
जिला अस्पताल में रोजाना करीब 1200 से 1500 मरीज ओपीडी में आते हैं। वहीं, करीब रोजाना 100 से अधिक मरीज भर्ती किए जाते हैं, लेकिन यहां मरीजों के इलाज के लिए कुल 27 चिकित्सक ही तैनात हैं। शासन की ओर से यहां चिकित्सकों के कुल 43 पद स्वीकृत हैं, लेकिन तैनाती सिर्फ 27 चिकित्सकों की है।
जिला अस्पताल के अपर निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. सुबोध शर्मा के अनुसार अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ, पैथोलॉजिस्ट, बाल रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट समेत अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है, हालांकि शासन को प्रस्ताव भेजकर मांग की गई है।
जिले में चिकित्सकों की कमी पूरी करने के लिए कवायद चल रही है। शासन के आदेश पर संविदा पर आठ चिकित्सकों की भर्ती इस माह पूर्ण कर ली जाएगी। -डॉ हरपाल सिंह, एसीएमओ प्रशासन
