बरेली: करोड़ों की पुल परियोजनाओं की सौगात से आसान हो जाएंगे रास्ते
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी में शामिल बरेली को वर्ष 2022 में दो पुल परियोजनाओं के साथ एक स्कॉई वॉक के निर्माण की सौगात मिलने की उम्मीद है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इन सभी प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है। कुतुबखाना फ्लाईओवर निर्माण के लिए एक फर्म को कांट्रेक्ट भी दे दिया गया है। …
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी में शामिल बरेली को वर्ष 2022 में दो पुल परियोजनाओं के साथ एक स्कॉई वॉक के निर्माण की सौगात मिलने की उम्मीद है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इन सभी प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है। कुतुबखाना फ्लाईओवर निर्माण के लिए एक फर्म को कांट्रेक्ट भी दे दिया गया है।
उधर, सुभाषनगर पुलिया के ऊपर स्वीकृत ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर रेलवे की ओर से आ रही अड़चन भी दूर हो गई है। इससे ओवरब्रिज के निर्माण के जल्द प्रारंभ होने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, पटेल चौक पर स्वीकृत स्कॉई वॉक के निर्माण के लिए भी अफसरों ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इन तीनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर को जाम की समस्या से निजात मिलने के साथ स्मार्ट सिटी के लगभग सभी हिस्सों में कनेक्टविटी काफी हद तक आसान हो जाएगी।
नए साल में शुरू हो जाएगा कुतुबखाना पुल का निर्माण
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्वीकृत कुतुबखाना पुल के निर्माण का रास्ता हैदराबाद की एक कंपनी को कांट्रेक्ट देने के साथ ही साफ हो गया है। ठेका लेने वाली कंपनी को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। कुतुबखाना चौराहे पर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए स्मार्ट सिटी के तहत पहले पुल निर्माण के लिए 136 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी। यह पुल पहले नैनीताल रोड से कुतुबखाना चौराहा होते हुए कोतवाली की ओर बनना था। इसकी लंबाई 1577 मीटर थी। बाद में लंबाई को करीब दो सौ मीटर कम कर 1377 मीटर कर दिया गया।
इस प्रोजेक्ट पर 118 करोड़ रुपये का खर्च होना है। सेतु निगम को यह पुल बनाना है। उसने दो महीने पहले टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी। आखिरकार टेंडर प्रक्रिया के पूरे होने के साथ ही हैदराबाद की मनतेना इंफ्रा सोल्यूशन नाम की कंपनी को पुल बनाने का कांट्रेक्ट दे दिया गया है। कंपनी को इस पुल का निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे कुतुबखाना में लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
10 करोड़ से स्काई वॉक के निर्माण की भी उम्मीद
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पटेल चौक पर इस साल की शुरूआत में ही करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से स्काई वॉक का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। स्काई वॉक को बनाने के लिए तकनीकी टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसमें पांच फर्म शामिल हुई थीं। इसमें पास होने वाली फर्म वित्तीय टेंडर में शामिल होंगी। इसके साथ ही संस्था का चयन कर दिया जाएगा।
स्मार्ट सिटी कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया अतिशीघ्र पूरी करने के साथ जनवरी में काम शुरू कराने की कोशिश चल रही है। स्कॉई वॉक के बनने के साथ ही ट्रैफिक दबाव के बीच जाम की गिरफ्त में रहने पटेल चौक पर आवागमन काफी सुलभ हो जाएगा। तकनीकी टेंडर में शामिल होने वाली पांच फर्मों की निविदाओं के पास करने के बाद फाइनेंसियल टेंडर की प्रक्रिया को जल्द ही पूरा कराया जाना है। इससे पटेल चौक पर लगने वाले जाम से लोगों को छुटकारा मिल जाएगा।
सुभाषनगर पुल की सौगात मिलने की आस
बरेली को एक और ओवरब्रिज की सौगात जल्द मिलने की उम्मीद है। सुभाषनगर ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर आ रही अड़चन दूर कर ली गई है। इस प्रोजेक्ट को स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के साथ रेलवे और पीडब्ल्यूडी को भी पूरा करना है। शहर के सुभाषनगर ओवरब्रिज के निर्माण में सबसे बड़ी बाधा पुल के डिजाइन को लेकर थी।
रेलवे स्मार्ट सिटी के तहत करीब एक करोड़ के बजट की मांग कर रहा था, लेकिन स्मार्ट सिटी परियोजना से यह रकम नहीं स्वीकृत हो पा रही थी। काफी समय से फंसी इस परियोजना को लेकर कुछ समय पहले मेयर, सांसद व शहर विधायक ने अधिकारियों के साथ लंबी चर्चा की थी। करीब 82 करोड़ रुपये की लागत से सुभाषनगर पुलिया के ऊपर से फ्लाईओवर का प्रस्ताव मंजूर हो चुका है। इस पुल का निर्माण भी इस साल शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
