बिजनौर : भाजपा नेत्री के घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों का सामान चोरी
बिजनौर/नजीबाबाद, अमृत विचार। भाजपा नेत्री के घर को निशाना बनाते हुए शनिवार की रात चोरों ने 50 हजार रुपए की नकदी समेत पौने दो लाख के सामान चोरी कर लिये। हरिद्वार से वापस लौटी भाजपा नेत्री ने जब घर के ताले टूटे देखे तो उनके होश उड़ गए। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई …
बिजनौर/नजीबाबाद, अमृत विचार। भाजपा नेत्री के घर को निशाना बनाते हुए शनिवार की रात चोरों ने 50 हजार रुपए की नकदी समेत पौने दो लाख के सामान चोरी कर लिये। हरिद्वार से वापस लौटी भाजपा नेत्री ने जब घर के ताले टूटे देखे तो उनके होश उड़ गए। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं सीईओ नजीबाबाद ने मौका मुआयना कर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है। शनिवार की देर शाम भाजपा नेत्री लीना सिंघल अपने पति के साथ नगर के आदर्शनगर में अपने दफ्तर पर रुकी हुई थीं। वह देर शाम अपने पति आशीष सिंघल के साथ किसी काम से हरिद्धार चली गईं। वह जब देर रात वापस लौटी तो दफ्तर का ताला टूटा हुआ था। जब उन्होंने अंदर घुसकर देखा तो सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।
जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मौके पर सीओ गजेंद्रपाल सिंह और थाना प्रभारी दिनेशचंद्र गौड़ पहुंचे। जिन्होंने घटना की जांच की। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है। इस सम्बन्ध में जब प्रभारी निरीक्षक दिनेशचंद गौड़ से जानकारी की तो उन्होंने बताया कि चोरी के खुलासे को लेकर टीम का गठन किया गया है।
जिसमें चोरी की घटनाओं के खुलासे को लेकर प्रयास किये जा रहे हैं। वहीं नजीबाबाद से भाजपा की संभावित उम्मीदवार लीना सिंघल ने कहा कि चोर करीब पौने दो लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गये हैं। जिसमें मेरे पर्स मे रखे करीब 50 हजार रुपये, सोने-चांदी के आभूषण व अन्य कीमती सामान शामिल है।
सिंघल ने कहा कि पुलिस ने घटना के शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया है। क्षेत्र में चोरी की बढ़ रही घटनाओं से लोगों में दहशत व्याप्त है।
