कोरोना संकट: यूपी सरकार ने जारी की नई गाइडलाइंस, कक्षा 10 तक के सभी स्कूल मकर संक्रांति रहेंगे बंद
लखनऊ। प्रदेश में कोरोना के नए मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कक्षा 10 तक के सभी शासकीय व निजी विद्यालयों में मकर संक्रांति तक अवकाश घोषित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस अवधि में किशोरों का टीकाकरण जारी रहेगा। रात्रि कफ्र्यू की अवधि एक घंटा बढ़ा कर रात्रि 10 …
लखनऊ। प्रदेश में कोरोना के नए मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कक्षा 10 तक के सभी शासकीय व निजी विद्यालयों में मकर संक्रांति तक अवकाश घोषित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस अवधि में किशोरों का टीकाकरण जारी रहेगा। रात्रि कफ्र्यू की अवधि एक घंटा बढ़ा कर रात्रि 10 बजे से सुबह 06 बजे तक कर दी है। यह आदेश आगामी 06 जनवरी से लागू होंगे।
मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार शाम को कोविड-19 के लिए बनी टीम-09 की बैठक में कहा कि जिन जिलों में एक्टिव केस की न्यूनतम संख्या 1000 से अधिक हो जाए, वहां जिम, स्पा, सिनेमाहॉल, बैंक्वेट हॉल, रेस्टोरेंट आदि सार्वजनिक स्थलों को 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित किया जाए। शादी समारोह व अन्य आयोजनों में बंद स्थानों में एक समय में 100 से अधिक लोगों की सहभागिता न हो। खुले स्थान पर ग्राउंड की कुल क्षमता के 50 फीसदी से अधिक लोगों के उपस्थिति की अनुमति न दी जाए। मास्क-सैनीटाइजर की अनिवार्यता रहे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रदेश के सभी शासकीय, अर्धशासकीय, निजी, ट्रस्ट आदि संस्थाओं, कंपनियों, ऐतिहासिक स्मारक, कार्यालयों, धार्मिक स्थलों, होटल-रेस्त्रां, औद्योगिक इकाइयों में तत्काल प्रभाव से कोविड हेल्प डेस्क क्रियाशील करा दिया जाए। जरूरत के अनुसार डे केयर सेंटर भी स्थापित हों। बिना स्क्रीनिंग या सैनिटाइजेशन के किसी को परिसर में प्रवेश न दें। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर गठित स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाहकार पैनल से परामर्श के आधार पर सभी जरूरी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने किशोरों के वैक्सीनेशन को और तेज करने तथा हर दिन न्यूनतम तीन से चार लाख टेस्ट करने का निर्देश दिया। निजी प्रयोगशालाओं को कोविड टेस्टिंग के लिए अधिकृत करने से पहले उनके पिछले रिकॉर्ड देखे जाएं। हर जिले के नोडल अधिकारी अपने संबंधित जिलों से संवाद करें।
उन्होंने कहा कि जीनोम सिक्वेसिंग में पुष्ट हुये 23 ओमिक्रोन वैरिएंट संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग और टेस्टिंग कराई जाए। निगरानी समिति और इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर को पूरी तरह सक्रिय किया जाए। घर-घर संपर्क कर बिना टीकाकरण वाले लोगों को चिन्हित किया जाए। उनकी सूची जिला प्रशासन को दी जाए। आइसीसीसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल द्वारा टेलीकन्सल्टेशन की सुविधा दी जाए। आईसीसीसी हेल्पनंबर सार्वजनिक किया जाये जिससे लोग किसी जरूरत पर तत्काल वहां संपर्क कर सकते हैं। एम्बुलेंस 24×7 एक्टिव मोड में रहें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम का बेहतर उपयोग किया जाए। सीएम हेल्पलाइन से लोगों से संवाद किया जाए।
माघ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट जरूरी
मुख्यमंत्री ने प्रयागराज माघ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 48 घंटे पूर्व की कोविड आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता लागू करने का निर्देश देते हुए का कि कल्पवासियों सहित सभी श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए।
यह भी पढ़ें:-संगठित अपराध की जड़ से होगी सफाई, अमृत विचार से विशेष बातचीत में नव पदस्थापित एडीजीपी ने बताई अपनी प्राथमिकताएं
