बरेली: आचार संहिता के डर से उद्घाटन, इलेक्ट्रिक बसें अभी दौड़ेंगी नहीं
बरेली, अमृत विचार। शहर के लोगों को इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। शासन की तरफ से मंगलवार को एक बस को शहर में भेज दिया गया है। जिसका उद्घाटन भी विधायक और मेयर ने हरी झंडी दिखाकर कर दिया, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि एक बस को …
बरेली, अमृत विचार। शहर के लोगों को इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। शासन की तरफ से मंगलवार को एक बस को शहर में भेज दिया गया है। जिसका उद्घाटन भी विधायक और मेयर ने हरी झंडी दिखाकर कर दिया, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि एक बस को अभी रूट पर नहीं उतारा जाएगा। अन्य बसें आने के बाद भी उनका संचालन शुरू किया जाएगा। बसों के संचालन के लिए अधिकारियों ने तीन रूट निर्धारित कर दिए हैं।
शासन की तरफ से आचार संहिता लगने से पहले शहर में एक इलेक्ट्रिक बस को भेजकर उसका उद्घाटन कराकर वाहवाही लूट ली। मंगलवार को एक बस को शहर में भेज दिया गया। नगर निगम कार्यालय के बाहर मेयर डॉ उमेश गौतम, शहर विधायक डॉ अरुण कुमार और नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने हरी झंडी दिखाकर उसे रवाना कर दिया, मगर उस बस का अभी संचालन शुरू नहीं किया जाएगा। बसों के लिए स्मार्ट सिटी के तहत स्वाले नगर में चार्जिंग बस स्टेशन बनकर तैयार हो चुका है। शासन की तरफ से और बसें मिलने के बाद ही उन्हें रूट पर उतारा जाएगा।
बसों के लिए यह रूट हैं प्रस्वावित
रूट 1
मिनी बाईपास तिराहा से कर्मचारीनगर चौकी, इज्जतनगर तिराहा, आईवीआरआई, सौ फुटा पश्चिमी, सौ फुटा पूर्वी, सुरेश शर्मा नगर चौराहा, बीसलपुर चौराहा, सेटेलाइट, गांधी उद्यान, चौकी चौराहा, पटेल चौक, चौपुला चौराहा, सिटी स्टेशन, किला क्रॉसिंग होते हुए स्वालेनगर चार्जिंग स्टेशन।
रूट 2
मिनी बाईपास तिराहा से सत्यप्रकाश पार्क, किला क्रॉसिंग, दूल्हे मियां की मजार, जसौली फाटक, सिटी स्टेशन, चौपुला चौराहा, चौकी चौराहा,गांधी उद्यान,वियावान कोठी, मालियों की पुलिया,सेटेलाइट, बीसलपुर चौराहा, सुरेश शर्मा नगर चौराहा, सौ फुटा पूर्वी, फिनिक्स मॉल, फन सिटी, वैरियर, एयरपोर्ट।
रूट 3
झुमका तिराहा, परसाखेड़ा,जीटीआई, सीबीगंज, आईटीआई, मिनी बाईपास तिराहा, सत्यप्रकाश पार्क, किला क्रॉसिंग, दूल्हा मियां की मजार, जसौली फाटक, सिटी रेलवे स्टेशन, चौपुला चौराहा, सुभाषनगर थाना, बरेली जंक्शन।
सीसीटीवी कैमरे करेंगे सुरक्षा
पीएमआइ कंपनी के राजीव नायर के मुताबिक इलेक्ट्रिक बस में आटोमेटिक गियर, ड्राइवर की सीट भी काफी आरामदेह है। सुरक्षा की दृष्टि से बस के अंदर तीन और अगले व पिछले बाहरी हिस्से पर एक-एक सीसीटीवी कैमरा लगा है। सभी कैमरे सीधे कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। बस में हो रही पल-पल की गतिविधि कैमरों में कैद होगी। बस में पैनिक बटन भी है। कोई समस्या होने पर महिलाएं व युवतियां बटन दबाकर पुलिस की मदद ले सकेंगी। पैनिक बटन दबाने पर सीधे 112 पर सूचना पहुंचेगी। यात्रियों को इलेक्ट्रानिक टिकटिंग मशीन से टिकट दिया जाएगा।
यह होगा बसों का किराया
किलो मीटर किराया
3 10
3-6 15
6-10 20
10-14 25
14-19 30
19-24 35
24-30 40
30-36 45
36-42 50
वर्जन —
शासन की तरफ से अभी एक बस मुहैया कराई गई है, लेकिन और बसें मिलने के बाद ही उनका संचालन शुरू किया जाएगा।
–आरके त्रिपाठी, आरएम
