बरेली: व्यापारियों के लिए फिर आया कठिन समय
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बढ़ते मामलों ने आम जनता के साथ-साथ व्यापारियों की भी चिंता बढ़ा दी है। कोरोना की पहली लहर के बाद से प्रभावित व्यवसाय को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे व्यापारियों के सामने एक बार फिर वैसी ही स्थिति बन रही है। व्यापार मंडल ने भी व्यापारियों की चिंता …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बढ़ते मामलों ने आम जनता के साथ-साथ व्यापारियों की भी चिंता बढ़ा दी है। कोरोना की पहली लहर के बाद से प्रभावित व्यवसाय को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे व्यापारियों के सामने एक बार फिर वैसी ही स्थिति बन रही है। व्यापार मंडल ने भी व्यापारियों की चिंता को समझा है और कहा मुश्किल तो है लेकिन गाइडलाइन का पालन भी कराना है। व्यापार मंडल के नेताओं ने भी मास्क, सेनेटाइजर और सामाजिक दूरी का पालन कराने, व्यापारियों को जागरुक करने और जागरुकता पम्फलेट बांटने की बात कही है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधमंडल के महांमंत्री राजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि प्रोटोकाल का पालन करना और कराना पड़ेगा। इसके लिए मास्क बांटने और सामाजिक दूरी का पालन कराने की बात कही जाएगी। बाजारों में टोली के जरिए व्यापारियों को प्रोटोकॉल का पालन कराने की बात कहेंगे। व्यापारी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के चैयरमैन सतीश अग्रवाल ने बताया कि कोरोना की मार हर बार व्यापारियों पर ही पड़ती है। उसे सभी टैक्स भी भरने और बैंक का कर्ज भी चुकाना है। बाजार की स्थिति यह है कि दुकानों में भीड़ नहीं है। दुकानदार मास्क लगाकर बैठते हैं और हर ग्राहक के हाथ को सेनेटाइज करते हैं। हम इस बार फिर यही करेंगे।
व्यापार मंडल के डीएल भाटिया ने बताया कि वे दुकान में आने वाले ग्राहकों को मास्क देकर उनसे लगाकर ही घूमने की बात कह रहे हैं। हाथों को सेनेटाइज करके उनको प्रवेश दे रहे हैं। मास्क नहीं तो सामान नहीं का पोस्टर भी चिपकाया है। ग्राहकों को जागरुक करने का भी काम कर रहे हैं।
शहामतगंज में व्यापारी नेता जफर बेग बताते हैं कि गलियों में दुकानें होने से ज्यादा जाम लगता है। हम व्यापारियों को जागरुक कर रहे हैं कि वे सामाजिक दूरी का पूर्णत: पालन करवाएं। दुकान में एक एक ग्राहक को ही सामान दें। कमाई के लालच में कोरोना को बढ़ाने में भागीदार न बनें। मास्क पहनकर आए ग्राहक को पहले सामान देने का प्रयास करें।
