बरेली: पहले टेंडर लिए, अब करोड़ों का काम लेकर बैठ गए ठेकेदार
बरेली, अमृत विचार। चहेते ठेकेदारों को सड़क निर्माण के करोड़ों के काम तो दे दिए जाते हैं, लेकिन बाद में ठेकेदार के काम पूरा न करने से खामियाजा आखिरकार जनता को ही भुगतान पड़ रहा है। ऐसा ही एक मामला पुराने शहर के सहसवानी टोला में सामने आया है। यहां एक सड़क का काम करीब …
बरेली, अमृत विचार। चहेते ठेकेदारों को सड़क निर्माण के करोड़ों के काम तो दे दिए जाते हैं, लेकिन बाद में ठेकेदार के काम पूरा न करने से खामियाजा आखिरकार जनता को ही भुगतान पड़ रहा है। ऐसा ही एक मामला पुराने शहर के सहसवानी टोला में सामने आया है। यहां एक सड़क का काम करीब 30 लाख रुपये से मंजूर हुआ है। इसमें एक हिस्से का काम एक कांट्रेक्टर को दिया गया और उसे वर्कऑर्डर भी जारी कर दिया गया, लेकिन ठेकेदार ने कई महीने बीत जाने के बावजूद रोड का निर्माण शुरू नहीं कराया है। कई बार मामले की शिकायत होने के बाद भी कांट्रेक्टर लेने वाली फर्म को न तो ब्लैक लिस्ट किया गया और न ही जुर्माना डालने की कार्रवाई हुई। ऐसे में रोड न बनने से जनता परेशान है। टूटी सड़क पर कीचड़ होने से कई बार लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।
वार्ड-40 सहसवानी टोला में मेन सड़क वाल्मीकि मठिया तक बनाई जानी थी। करीब 700 मीटर रोड का निर्माण 30 लाख रुपये से कराया जाना है। इस रोड को तीन हिस्सों में बनाया जाना स्वीकृत है। नगर निगम ने इस रोड के रामनिवास के मकान से लेकर कन्हैयालाल के मकान तक के एक हिस्से के निर्माण के लिए करीब 13 लाख रुपये का टेंडर पास किया था। इस रोड का सीसी निर्माण कराने के लिए कांट्रेक्टर को वर्कऑर्डर तक जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इस रोड का निर्माण करीब तीन महीने से लटका हुआ है। नगर निगम के निर्माण विभाग के इंजीनियरों का कहना है कि यह कांट्रेक्ट गुलाम गौस नाम के ठेकेदार को दिया गया था। सहसवानी टोला के स्थानीय पार्षद हरिओम कश्यप का कहना है कि रोड के बाकी दो भागों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है, लेकिन कांट्रेक्टर न मिलने से इस रोड को नहीं बनाया जा पा रहा है।
हालांकि, 10 जनवरी को इस रोड के लिए टेंडर फिर से खुलने हैं। इस रोड के न बन पाने से क्षेत्र में बुजुर्ग व बच्चे आए दिन गिरकर चोटिल होते हैं। कई बार ई-रिक्शा पलट चुके हैं। रोड न बनने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। मठ लक्ष्मीपुर में भी करीब तीन करोड़ रुपये की सड़क का काम लटका हुआ है। ऐसे ही कई मुख्य सड़कों के काम शुरू नहीं हो पाए हैं। इस वजह से लोगों को आवाजाही में परेशानी से जूझना पड़ रहा है।
वर्जन-
इस संबंध में जानकारी लूंगा कि ठेकेदार काम क्यों नहीं करा रहा है। इसे लेकर अगर लापरवाही बरती जा रही है तो ठेकेदार पर एक्शन लिया जाएगा। —-बीके सिंह, मुख्य अभियंता, नगर निगम
