बरेली: डीबीटी एप में गड़बड़ी के कारण शिक्षकों की मुसीबत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्कूली छात्रों के अभिभावकों के खातों में जूता, मोजा, स्वेटर, यूनिफार्म और बैग की धनराशि स्थानांतरित करने के लिए डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) योजना संचालित की गई है। इस योजना के तहत डीबीटी एप पर स्कूली बच्चों की आवश्यक सूचनाएं अंकित की जाती हैं। लेकिन एप में आए दिन गड़बड़ी के कारण …

बरेली, अमृत विचार। स्कूली छात्रों के अभिभावकों के खातों में जूता, मोजा, स्वेटर, यूनिफार्म और बैग की धनराशि स्थानांतरित करने के लिए डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) योजना संचालित की गई है। इस योजना के तहत डीबीटी एप पर स्कूली बच्चों की आवश्यक सूचनाएं अंकित की जाती हैं। लेकिन एप में आए दिन गड़बड़ी के कारण 100 फीसद छात्रों का डाटा फीड नहीं हो सका है। इस संबंध में अधिकारियों द्वारा शिक्षकों पर दबाव बनाए जाने पर शिक्षकों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

डीबीटी एप के जरिए छात्रों का डाटा फीडिंग करने के बाद भी दोबारा से करना पड़ रहा है। सस्पेक्टेड छात्रों का डाटा कई बार भरा जा चुका है लेकिन एप में गड़बड़ी के कारण इन छात्रों का डाटा एक बार फीड करने पर स्वीकार नहीं हो रहा है। इसके अलावा एप के संचालन में शिक्षकों को इंटरनेट स्पीड में कमी की समस्या का सामना भी करना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार शिक्षकों द्वारा बीएसए से शिकायत किए जाने के बाद भी उन पर छात्रों के डाटा फीडिंग जल्द किए जाने का दबाव बनाया जा रहा है। पिछले माह लगभग 5 शिक्षकों पर वेतन रोकने की कार्यवाही की गई थी।

शिक्षकों में रोष
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष डा. विनोद कुमार शर्मा का कहना है कि शिक्षकों द्वारा पूरी लगन के साथ डीबीटी कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। इसके बावजूद भी किसी शिक्षक का वेतन रोका जाता है तो बीएसए कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

डीबीटी कार्य में तेजी के लिए शासन द्वारा समय समय पर निर्देशित किया जा रहा है। कार्य में लापरवाही कतई बर्दाश्त नही की जाएगी। शत प्रतिशत छात्रों का ब्योरा डीबीटी पर फीड किया जाना जरूरी है। –विनय कुमार, बीएसए, बरेली

संबंधित समाचार