बरेली: दोस्त की हत्या करने वाला ढाई साल बाद गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। करीब ढाई साल बाद पुलिस ने दोस्त की हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। आरोपी ने अवैध संबंधों के चलते युवक की हत्या करने की बात स्वीकारी है। परिजनों द्वारा मृतक की शिनाख्त किए जाने के बाद पुलिस …

बरेली, अमृत विचार। करीब ढाई साल बाद पुलिस ने दोस्त की हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। आरोपी ने अवैध संबंधों के चलते युवक की हत्या करने की बात स्वीकारी है। परिजनों द्वारा मृतक की शिनाख्त किए जाने के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सौतेले पिता व भाई की भी हत्या कर चुका है।

सुभाषनगर पुलिस ने शनिवार को ढाई साल पहले हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे संभल जिले के बहजोई स्थित गांव राजपुर निवासी चंद्रपाल को गिरफ्तार कर लिया। मामला करीब दो साल पुराना है। 7 जुलाई 2019 की सुबह गन्नामील ओवरब्रिज के नीचे खून से लथपथ अज्ञात शव मिला था। युवक के मुंह पर गमछा पड़ा था। शरीर पर कई जगह चाकू के निशान थे। युवक की हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई गई थी। काफी दिनों तक शव की शिनाख्त न हो पाने की वजह से पुलिस ने अपनी तलाश करना बंद कर दी थी। मामले की फाइल धूल फांकती रही।

7 दिसंबर को नवागत थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह भड़ाना ने फाइल को दोबारा खोला और नए सिरे से मामले की जांच शुरू की। कुछ ही दिनों बाद मृतक की शिनाख्त बदायूं जिले के बिसौली स्थित गांव सहावरशाह निवासी राहुल के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों से मुलाकात कर राहुल के बारे में जानकारी जुटाई। जांच करने पर पुलिस को आरोपी के बारे में जानकारी मिली। वहीं, शनिवार को पुलिस गश्त के दौरान महेशपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची। यहां आरोपी दिखाई दिया तो पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी चंद्रपाल ने राहुल की हत्या करने की बात कुबूली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया। गुरुवार शाम कोर्ट के आदेश पर चंद्रपाल को जेल भेज दिया।

छोटे भाई की पत्नी से चल रहा था प्रेम-प्रसंग, इसलिए की हत्या
पूछताछ में आरोपी चंद्रपाल ने बताया कि वह, उसका छोटा भाई व उसकी पत्नी और राहुल चारों लोग हरियाणा में रहकर मजदूरी करते थे। उसी दौरान राहुल व उसके छोटे भाई की पत्नी के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। जब तक यह बात चंद्रपाल को पता चली तब तक राहुल उसके भाई की पत्नी को अपने साथ सहावरशाह ले गया। वहीं, दोनों रहने लगे। कुछ दिनों बाद भाई की पत्नी को वापस लाने के लिए चंद्रपाल राहुल के गांव पहुंचा, लेकिन पंचायत में महिला ने वापस जाने से मना कर दिया। चंद्रपाल हरियाणा लौट आया। बताते हैं कि वापस आने के बाद भी उसने राहुल से बातचीत बंद नहीं की और दोस्ती के भरोसे में संबंध कायम रखे। 6 जुलाई 2019 को राहुल बरेली में था। उसने चंद्रपाल को मिलने के लिए यहां बुलाया। मौका पाते ही चंद्रपाल बहजोई से ट्रेन द्वारा बरेली पहुंचा।

राहुल से मुलाकात कर उसके साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद उसने राहुल से झगड़ा किया। फिर उसने राहुल से थाने चलने की बात कही। आरोप है कि रास्ते में मौका पाकर चंद्रपाल ने राहुल की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। राहुल के शरीर पर 12-13 जगहों पर चाकू के निशान थे। चंद्रपाल ने खून पोंछकर अपना गमछा राहुल के चेहरे पर डाल दिया था। चाकू को रेलवे लाइन के पास पत्थरों में छिपा दिया था।

ऐसे हुआ राजफाश
सुभाषनगर इंस्पेक्टर ने हत्या की जांच शुरू करने के साथ साथ राहुल व उसके कपड़ों का फोटो पुलिस व्हाट्सएप ग्रुप व अन्य जगहों पर शेयर की थी। बिसौली पुलिस ने सुभाषनगर थाने से संपर्क किया। चूंकि बिसौली कोतवाली में राहुल की गुमशुदगी दर्ज थी। सुभाषनगर पुलिस जब जानकारी करते हुए राहुल के परिजनों से मिली तो उसकी मां रामश्री ने किसी से भी रंजिश होने की बात से इनकार कर दिया। हालांकि, संदेह जताते हुए चंद्रपाल से विवाद की बात बताई थी। इसके बाद पुलिस चंद्रपाल के गांव पहुंची और उसके बारे में जानकारी जुटाई। कुछ समय पहले चंद्रपाल का पड़ोसियों से विवाद हुआ था। झगड़े के दौरान गुस्से में चंद्रपाल ने स्वयं राहुल व अन्य लोगों की हत्या की बात ग्रामीणों के सामने कही थी। इसके बाद पुलिस चंद्रपाल की तलाश में जुट गई। गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

सौतेले पिता व सगे भाई की भी काट दी थी गर्दन
पुलिस ने बताया कि कई साल पहले चंद्रपाल के पिता रामस्वरूप की मौत के बाद उसकी मां ने पड़ोसी गांव के निवासी मुंशी नाम के व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली थी। चंद्रपाल का आरोप था कि उसका सौतेला पिता उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखता था। उसका भाई सुवरपाल सौतेले पिता का समर्थन करता था। इसको लेकर उसने सौतेले पिता मुंशी व भाई सुवरपाल की गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। मामले में संभल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। चंद्रपाल तीन साल तक जेल में रहा था। फिलहाल, आरोपी जमानत पर जेल से बाहर था। इसके अलावा आरोपी को पुलिस ने 2003 में तमंचे के साथ भी गिरफ्तार किया था।

वर्जन–   आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का राजफाश कर दिया गया है। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
—-सत्येंद्र सिंह भड़ाना, इंस्पेक्टर, सुभाषनगर

संबंधित समाचार