तमिलनाडु : कोरोना संक्रमित परिवार ने किया आत्महत्या का प्रयास, परिवार के दो लोगों की मौत
मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै शहर के कालमेदु में रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की आशंका के कारण एक ही परिवार के चार सदस्यों ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया जिनमें से दो की मौत हो गयी और अन्य दो को अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि …
मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै शहर के कालमेदु में रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की आशंका के कारण एक ही परिवार के चार सदस्यों ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया जिनमें से दो की मौत हो गयी और अन्य दो को अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि आज सुबह वी. ज्योतिका (23) और उसका बेटा वी. रितिश (03) अपने घर में मृत पाए गए जबकि उसकी मां एन. लक्ष्मी (46) और छोटा भाई एन. सिबिराजी (13) को सरकारी राजाजी अस्पताल (जीआरएच) ले जाया गया, जहां वे जीवन-मौत से जूझ रहे हैं।
शुरुआती जांच में पता चला है कि लक्ष्मी के पति नागराजन और उसकी छोटी बेटी अनीता की पिछले अन्य बीमारियों के चलते मौत हो गई थी। इस बीच ज्योतिका सर्दी जुकाम और बुखार से पीड़ित थी, जब उसने आरटी-पीसीआर जांच कराई तो वह कोरोना संक्रमित पाई गई। आर्थिक तंगी से गुजर रहे इस परिवार के सदस्य इस बात से और अधिक परेशान हो गये कि कोरोना संक्रमण उनके स्वास्थ्य और उनके दैनिक जीवन को और प्रभावित कर सकता है।
पड़ोसियों का मानना है कि परिवार के आत्महत्या करने का कारण कोरोना संक्रमण से प्रभावित होना था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि परिवार कोरोना वायरस को लेकर हताश था और इसी कारण उन्होंने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठाया। पुलिस ने कहा,“हम अन्य सभी संभावित पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं।” सिलेमान पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।
