पहले चरण में भाजपा के टिकटार्थियों के लिए निर्णायक होगा आज का दिन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान वाले आगरा, मथुरा व अलीगढ़ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 58 विधानसभा सीटों पर भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं के लिए अगले चौबीस घंटे बेहद अहम होने जा रहे हैं। भाजपा चुनाव समिति की बैठक सोमवार को लखनऊ में होने जा …

आगरा। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान वाले आगरा, मथुरा व अलीगढ़ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 58 विधानसभा सीटों पर भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं के लिए अगले चौबीस घंटे बेहद अहम होने जा रहे हैं। भाजपा चुनाव समिति की बैठक सोमवार को लखनऊ में होने जा रही है।

इस बैठक में विधानसभा चुनावों के पहले चरण के लिए प्रत्याशियों के नामों पर निर्णायक फैसला किया जाएगा। प्रदेश समिति संभावित प्रत्याशियों की सूची पर विचार करके उसे अंतिम मुहर लगाने के लिए केंद्रीय समिति को भेज देगी। माना जा रहा है कि प्रदेश समिति की ओर से सुझाए गए नामों पर ही केंद्रीय समिति अपनी मुहर लगा सकती है।

केवल विशेष परिस्थितियों में कुछेक सीटों पर अंतिम समय में फेरबदल की गुंजाइश रहती है। केंद्रीय समिति प्रत्याशियों की सूची घोषित करने में भले ही एक-दो दिन का समय लगाए, पर अधिकांश दावेदारों की किस्मत 10 जनवरी को लखनऊ में होने वाली बैठक में ही तय हो जायेगी।

आगरा जिले की सभी नौ सीटों पर पिछले चुनावों में भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस बार सभी सीटों को बचाये रखना पार्टी के लिये बड़ी चुनौती है। सूत्रों का दावा है कि इस चुनौती से निपटने के लिए पार्टी कुछ सीटों पर प्रत्याशी बदल भी सकती है।

भाजपा की 24 सदस्यीय चुनाव समिति की सोमवार को लखनऊ में होने वाली बैठक के बारे में यूं तो कहा जा रहा है कि इसमें प्रत्याशियों की सूची तैयार की जाएगी, लेकिन सूत्रों का दावा है कि लगभग सभी सीटों पर प्रत्याशियों के बारे में प्रदेश के शीर्ष नेताओं में सहमति बन चुकी है।

बैठक में इन प्रत्याशियों के बारे में जानकारी देने की औपचारिकता भर ही शेष है। संभावना यह भी है कि निरन्तर जुटाये जा रहे फीडबैक के आधार पर कुछ सीटों पर आखिरी समय में पुनर्विचार कर लिया जाए।

इस लिहाज से भाजपा की टिकट के दावेदारों के लिए ये चौबीस घंटे बेहद अहम हैं। सभी टिकटार्थियों की निगाहें इस बैठक पर लगी हुई हैं और प्रत्याशियों की सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए वे हर स्तर पर प्रयास जारी रखे हुए हैं।

पढ़ें- जज ने पूछा- नोवाक जोकोविच वीजा के लिए और क्या कर सकते थे?

संबंधित समाचार