ऑनलाइन परीक्षाएं कराने की मांग को लेकर लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों ने किया हंगामा
लखनऊ। प्रदेश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच लखनऊ विश्वविद्यालय में ऑनलाइन परीक्षाएं कराने या फिर उसे रद्द करने की मांग को लेकर आज सोमवार को छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र प्रशासनिक भवन के बाहर धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में समाजवादी छात्र सभा और भारतीय राष्ट्रीय …
लखनऊ। प्रदेश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच लखनऊ विश्वविद्यालय में ऑनलाइन परीक्षाएं कराने या फिर उसे रद्द करने की मांग को लेकर आज सोमवार को छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र प्रशासनिक भवन के बाहर धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में समाजवादी छात्र सभा और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ एनएसयूआई भी उतर आया। दोनों संगठन के छात्र नेताओं ने कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय को ज्ञापन सौंपा। बात नहीं बनने पर छात्रों ने अटल ब्लॉक में ताला जड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने छात्रों को वहां से खदेड़ दिया।
लखनऊ में लगातार कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय में भी 3 विद्यार्थियों में कोविड होने की पुष्टि हो चुकी है। ऐसे में शासन के निर्देश पर विश्वविद्यालय में भौतिक कक्षाएं बंद करके ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी है। लेकिन परीक्षाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया। इसी के विरोध में सोमवार को दोपहर करीब 12:00 बजे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कुलपति से मिलने पहुंच गए।
उन्होंने प्रशासनिक भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन कर कहा कि या तो ऑनलाइन परीक्षाएं कराई जाएं या फिर उसे रद्द कर दिया जाए, क्योंकि छात्रों की जान से बड़ी परीक्षाएं नहीं है। विरोध की जानकारी मिलते ही डॉक्टर प्रोफेसर दिनेश कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। उन्होंने छात्रों को समझाने की कोशिश की लेकिन छात्र धरने पर बैठ गए।
छात्र संगठनों ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन
एनएसयूआई की ओर से आगामी 17 जनवरी से होने वाली परीक्षाओं को ऑनलाइन कराने की मांग को लेकर कुलपति को ज्ञापन सौंपा। संगठन के प्रदेश महासचिव आर्यन मिश्रा ने कहा कि परीक्षाएं ऑनलाइन कराने से छात्र खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे। ज्ञापन देने वालों में विशाल सिंह, आर्यन मिश्रा, उत्कर्ष मिश्रा, प्रतीक बाजपेई, आशुतोष मिश्रा मौजूद रहे। वहीं समाजवादी छात्र सभा के कार्तिक पांडे, दुर्गा सिंह, अतुल यादव ने भी ज्ञापन देकर ऑनलाइन परीक्षाएं कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:-चंड़ीगढ़: अदालत ने मादक द्रव्य मामले में शिरोमणि अकाली दल के नेता मजीठिया को दी अंतरिम जमानत
