परशुराम मंदिर परिसर में आठ दिन पहले अखिलेश का लगाया फरसा गिरा, भाजपा ने कसा तंज
लखनऊ। राजधानी से सटे गोसाईगंज इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के परशुराम के मंदिर और 68 फीट ऊंचे फरसे के रविवार रात आई आंधी-पानी में गिरने का वीडियो सोमवार को राजनैतिक गलियारे में चर्चा का केंद्र रहा । इस वीडियो के वायरल होने के बाद सपा और भाजपा …
लखनऊ। राजधानी से सटे गोसाईगंज इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के परशुराम के मंदिर और 68 फीट ऊंचे फरसे के रविवार रात आई आंधी-पानी में गिरने का वीडियो सोमवार को राजनैतिक गलियारे में चर्चा का केंद्र रहा । इस वीडियो के वायरल होने के बाद सपा और भाजपा में आरोपों की बौछार लग गई। पूरे दिन सपा-बसपा ने इसके बहाने एक दूसरे पर जमकर हमला बोला।
प्रदेश सरकार में विधि मंत्री बृजेश पाठक ने इस मामले में ट्वीट करते हुए कहा कि सपा के लिए भारी अपशगुन । कुपित हुए भगवान परशुराम , फ़रसा गिरा । अखिलेश यादव द्वारा विद्वेष पूर्ण भावना से भगवान परशुराम के मंदिर में लगाये गए फरसे का गिर जाना, समाजवादी पार्टी के लिए भारी अपशगुन साबित होगा।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि समाजवादी पार्टी किस प्रकार से चुनावी हिन्दू बनी है, इसका आज जीता जागता उदाहरण दिखाई पड़ा है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम की मूर्ति नहीं बना सकते, उस मूर्ति से फरसा टूट करके गिर गया। इसी फरसे से ही समाजवादी पार्टी का नाश हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि सपा ब्राह्मणों को लुभाने के लिए भगवान परशुराम का इस्तेमाल करने का काम कर रही है, जो भगवानों की जाति देखते हों, जो भगवान को आज चुनाव में इस्तेमाल करने का प्रयास कर रहे हों, ऐसे लोगों को भगवान भी माफ नहीं करेंगे और जनता जनार्दन भी माफ नहीं करेगी। समाजवादी पार्टी का भ्रष्टाचार उजागर हो गया है।
फरसा गिरा नहीं, नीेचे उतारा गया है – संतोष पांडेय
वहीं, सुल्तानपुर के लंभुआ से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक संतोष पाण्डेय ने बताया कि भगवान परशुराम के मंदिर परिसर में का 68 फीट का फरसा लगाया गया था। अब फरसे की भव्यता को विस्तार देना है। उसमें एलईडी लाइट और रेडियम लगाने के नीचे उतारा गया है। कुछ लोग फरसा गिर जाने की अफवाह उड़ा रहे हैं। हम तो भगवान परशुराम के मंदिर परिसर और भव्य बनाएंगे। उल्लेखनीय है कि बीती दो जनवरी को समाजवादी यात्रा के अगले चरण की शुरुआत के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोसाईगंज में पूर्वाचंल एक्सप्रेस वे के करीब भगवान परशुराम के मंदिर का उद्घाटन किया था। इसी दौरान मंदिर परिसर में 68 फीट ऊंचे फरसे का उद्घाटन किया था।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: व्यापार मंडल की बड़ी पहल, मास्क लगाओ, दूरी बनाओ…पाओ 10 फीसदी छूट
