बरेली: ट्यूशन से लौट रही सात साल की बच्ची के अपहरण का प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर में ट्यूशन पढ़कर लौट रही सात साल की प्रिंसी का अज्ञात व्यक्ति ने दिनदहाड़े अपहरण करने की कोशिश की। प्रिंसी को आरोपी गोद में उठाकर ले जा रहा था। इस बीच वह चीखने लगी और आरोपी के पेट पर नोच लिया। पकड़े जाने के डर से घबराया आरोपी बच्ची को नीचे …

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर में ट्यूशन पढ़कर लौट रही सात साल की प्रिंसी का अज्ञात व्यक्ति ने दिनदहाड़े अपहरण करने की कोशिश की। प्रिंसी को आरोपी गोद में उठाकर ले जा रहा था। इस बीच वह चीखने लगी और आरोपी के पेट पर नोच लिया। पकड़े जाने के डर से घबराया आरोपी बच्ची को नीचे उतारकर भाग गया। नाना की ओर से सुभाषनगर थाने में तहरीर दी गई है।

बदायूं रोड पर स्थित बीडीए की इंद्रापुरम कॉलोनी में घटना सोमवार सुबह की है। कॉलोनी निवासी तुलाराम ने बताया कि घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर उनकी बेटी और दामाद बच्चों के साथ रहते हैं। उनके दामाद विजय सिंह ऑटो रिक्शा चलाते हैं। विजय की बेटी प्रिंसी पाल (7) कक्षा चार की छात्रा भी है। ट्यूशन के लिए प्रिंसी हर रोज उनके घर के पास आती है। सोमवार को भी प्रिंसी ट्यूशन पढ़ने के लिए आई थी। सुबह करीब 10:30 से 11 बजे वह ट्यूशन पढ़कर नाना तुलाराम के घर जा रही थी।

रास्ते में दुकान से चीज खरीदकर जब वह आगे बढ़ी। इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे गोद में जबरन उठा लिया और अपने साथ ले जाने लगा। आरोपी से बचने के लिए पहले तो प्रिंसी ने शोर मचाया। उसके बाद अपने नाखूनों से उसके पेट पर नोच लिया। इसके बाद आरोपी प्रिंसी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। डरी-सहमी प्रिंसी घर पहुंची तो रोता देख परिजनों ने पूछताछ की। इस पर बालिका ने पूरी बात बताई। परिजनों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी लेकिन सोमवार शाम तक इंस्पेक्टर को मामले की जानकारी नहीं थी।

वर्जन–
बच्ची को जबरन साथ ले जाने की शिकायत मिली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। तथ्य सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।   – सत्येंद्र सिंह भड़ाना, इंस्पेक्टर, सुभाषनगर

संबंधित समाचार