बरेली: टिकट के लिए दिल्ली-लखनऊ की दौड़, पार्टी कार्यालयों पर सन्नाटा
बरेली, अमृत विचार। दूसरे चरण में बरेली में मतदान होना है। भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा से आवेदन करने वाले टिकट पाने के लिए लखनऊ और दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं। हालांकि कांग्रेस ने दूसरे चरण में बरेली के चार टिकट तय कर दिए हैं लेकिन अन्य पार्टियों ने अभी पत्ते नहीं खोले हैं …
बरेली, अमृत विचार। दूसरे चरण में बरेली में मतदान होना है। भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा से आवेदन करने वाले टिकट पाने के लिए लखनऊ और दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं। हालांकि कांग्रेस ने दूसरे चरण में बरेली के चार टिकट तय कर दिए हैं लेकिन अन्य पार्टियों ने अभी पत्ते नहीं खोले हैं लेकिन पार्टी कार्यालयों पर कार्यकर्ताओं की भीड़ नजर नहीं आ रही र्है। कार्यालयों पर सन्नाटा दिखाई पड़ रहा है। गुरुवार को अमृत विचार ने शहर के राजनीतिक पार्टियों के कार्यालयों का हाल जाना तब बसपा, कांग्रेस और भाजपा के कार्यालय पर सन्नाटा नजर आया। सपा कार्यालय पर तालियों की गूंज और चहल-पहल साफ नजर आई।
11:45- बसपा कार्यालय पर सन्नाटा
पूर्वाह्न 11: 45 बजे पीलीभीत बाईपास रोड पर स्थित बसपा कार्यालय पर सन्नाटा नजर आया। यहां मुख्य गेट खुला था। बसपा कार्यालय के जिलाध्यक्ष की कार खड़ी थी। कार्यालय में अंदर कोई कर्मचारी नजर नहीं आया। बाद में कार्यालय की देखरेख करने वाले दो लोग बाहर निकलकर आए। सन्नाटे की वजह पूछने पर बताया कि नेता लखनऊ में डेरा डाले हुए हैं। इक्का-दुक्का को छोड़कर संगठन का कोई पदाधिकारी और कार्यकर्ता नजर नहीं आया।
12: 23- कांग्रेस कार्यालय पर पूरी तरह सुनसान
शहामतगंज चौराहा स्थित कांग्रेस जिला कमेटी के कार्यालय पर दोपहर 12. 23 बजे जब पहुंचे तो देखा कि कार्यालय खुला था मगर वहां पूरी तरह से सुनसान था। जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी को फोन किया गया तो उन्होंने बताया कि कुछ लोग टिकट फाइनल होने के बाद प्रत्याशियों को बधाई देने में लगे हैं। जबकि कुछ पदाधिकारी लखनऊ गए हुए हैं। विधानसभा चुनाव नजदीक होने पर भी कांग्रेस के जिला कार्यालय पर यह हालत तब है कि जब जिले में लंबे समय से कांग्रेस खुद को जिंदा करने के लिए संघर्ष कर रही है।
12:34: सपा कार्यालय पर भीड़ ने उड़ाई सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां
सिविल लाइंस स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर दोपहर 12:34 बजे भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए बिल्सी के विधायक पंडित आरके शर्मा का पार्टी कार्यालय पर स्वागत किया जा रहा था। जिलाध्यक्ष अगम मौर्य के साथ तमाम संगठन के पदाधिकारी उनका स्वागत करने के लिए एकत्र थे। स्वागत समारोह में सपाई सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाते हुए दिखे।
12: 51: भाजपा जिलाध्यक्ष बना रहे थे चुनावी रणनीति
सिविल लाइंस में भाजपा कार्यालय पर दोपहर में दोपहर 12:51 बजे पर मुख्य गेट के पास सर्दी के मौसम में हल्की धूप में जिलाध्यक्ष पवन शर्मा बैठे थे। मीरगंज से विधानसभा टिकट के लिए आवेदन करने वाले पूरन लाल लोधी संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता चुनाव को लेकर रणनीति बना रहे थे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि हर रोज कार्यालय पर वह विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करते हैं। सभी कार्यकर्ता भी क्षेत्र में घूमकर संगठन को मजबूत कर रहे हैं।
पार्टी कार्यालय पर नहीं है सैनेटाइजर का इंतजाम
कोरोना की तीसरी लहर आ चुकी है। कोरोना संक्रमण के बीच ही चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव की घोषणा की है। वहीं चुनाव आयोग ने रैली और जनसभा करने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है लेकिन उसके बाद भी जिले में सपा, बसपा और कांग्रेस के साथ भाजपा कार्यालय पर सैनेटाइजर और न ही थर्मल स्क्रीनिंग की कोई व्यवस्था नजर आई।
