बरेली: एक्सपायर दवा से वार्ड ब्वॉय करता मिला इलाज
बरेली, अमृत विचार। जिले में किस प्रकार मरीजों को सरकारी अस्पतालों में उचित इलाज मिल रहा है, इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि हाफिजगंज क्षेत्र के सेंथल स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का बीते दिन जब अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डा. दीपक ओहरी ने औचक निरीक्षण किया …
बरेली, अमृत विचार। जिले में किस प्रकार मरीजों को सरकारी अस्पतालों में उचित इलाज मिल रहा है, इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि हाफिजगंज क्षेत्र के सेंथल स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का बीते दिन जब अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डा. दीपक ओहरी ने औचक निरीक्षण किया तो घोर अनियमितताएं उजागर हुईं। हैरत की बात तो यह रही कि यहां ड्यूटी से प्रभारी नदारद थे। वहीं मरीजों का इलाज एक वार्ड ब्वॉय करता मिला। इस पर एडी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। वहीं जो विटामिन वाली दवा मरीजों को वार्ड ब्वॉय की ओर से दी जा रही रही थी वह जुलाई 2021 में ही एक्सपायर हो गई थी। एडी ने केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
पूरे दिन में सिर्फ एक मरीज को दिया इलाज
सेंथल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. फरहाद अनवर प्रभारी हैं। जब एडी स्वास्थ्य दीपक सिंह ओहरी ने स्टाफ से प्रभारी के ड्यूटी पर आने की सूचना संबंधी जानकारी ली तो कोई संतोष जनक जबाव नहीं मिल सका। वहीं ओपीडी रजिस्टर चेक किया तो पता चला कि पूरे दिन में सिर्फ एक मरीज को ही इलाज दिया गया था। वहीं मरीजों की जांच के लिए जो ब्लड प्रेशर मशीन लगी हुई थी वह टूटी थी।
यहां भी वार्ड ब्वॉय के भरोसे अस्पताल
एडी हाफिजगंज के हरहरपुर स्थित नवीन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो यहां भी प्रभारी व अन्य स्टाफ ड्यूटी के गायब था। वहीं एक वार्ड ब्वॉय ही यहां ड्यूटी पर मौजूद मिला। एडी ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
वर्जन–
निरीक्षण के दौरान जो खामियां मिली हैं, उनको दुरुस्त करने के बाद उनमें सुधार कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। स्पष्टीकरण संतोष जनक नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।
–डा. दीपक ओहरी, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, बरेली मंडल
