अमरोहा : सांड के हमले में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
ढवारसी/अमरोहा/अमृत विचार। बेसहारा गोवंशीय पशुओं का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि खेत की रखवाली करने वाले ग्रामीणों पर हमला कर रहे हैं। सांड ने एक व्यक्ति को घायल कर दिया था, जिसकी शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव बीझलपुर निवासी संतोष (32) पुत्र छत्तर सिंह नौ …
ढवारसी/अमरोहा/अमृत विचार। बेसहारा गोवंशीय पशुओं का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि खेत की रखवाली करने वाले ग्रामीणों पर हमला कर रहे हैं। सांड ने एक व्यक्ति को घायल कर दिया था, जिसकी शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव बीझलपुर निवासी संतोष (32) पुत्र छत्तर सिंह नौ जनवरी को रविवार की शाम बेसहारा पशुओं से फसल को बचाने के लिए खेत पर रखवाली कर रहा था। जहां उसके खेत में एक बेसहारा सांड फसल को नुकसान पहुंचा रहा था। जैसे ही संतोष सांड को मारने गया तो उसने हमला बोल दिया। पास के खेत पर काम कर रहे व्यक्तियों ने बमुश्किल संतोष को सांड से बचाया। परंतु, संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे चिकित्सकों ने उपचार के लिए मेरठ भेज दिया था।
मेरठ में इलाज के दौरान शनिवार की सुबह संतोष की मौत हो गई। मौत की सूचना से उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सचिव के आदेश के बाद भी इन बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशाला नहीं भेजा जा रहा है।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
ग्रामीणों के अनुसार संतोष खेती-किसानी करके अपने परिवार और बच्चों का पालन-पोषण करता था। मृतक ने अपने पीछे तीन बच्चे छोड़ें हैं। संतोष की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, ग्रामीणों ने बेसहारा पशुओं को पकड़वाने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में बेसहारा पशुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। बेसहारा पशु फसलों को अत्यधिक नुकसान पहुंचा रहे हैं।
