संभल : ससुराल में नवविवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
बबराला/संभल/अमृत विचार। कस्बा निवासी एक व्यक्ति की बेटी की ससुराल में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाकर शनिवार को पुलिस को तहरीर दी है। आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। एक माह पहले बेटी की शादी कर ससुराल विदा करने वाले पिता का कहना है कि उनकी बेटी …
बबराला/संभल/अमृत विचार। कस्बा निवासी एक व्यक्ति की बेटी की ससुराल में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाकर शनिवार को पुलिस को तहरीर दी है। आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। एक माह पहले बेटी की शादी कर ससुराल विदा करने वाले पिता का कहना है कि उनकी बेटी को कम दहेज लाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के कस्बा बबराला के मोहल्ला सर्राफा बाजार निवासी नंदकिशोर ने अपनी बेटी की शादी नवंबर माह में ग्रेटर नोएडा में रह रहे जनपद औरेया के गांव कुकरकाठ निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू पुत्र राजेंद्र के साथ की थी। पीड़ित पिता का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले बेटी को और दहेज लाने के लिए परेशान करने लगे थे। छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट करते थे, छह जनवरी को भी ससुराल वालों ने बेटी को और दहेज लाने की मांग कर उसे मायके भेज दिया था।
11 जनवरी को बुलाने आए उसके पति के साथ समझाकर भेज दिया था। गुरुवार की सुबह बेटी के पेट में दर्द होने की वजह से दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती होने की सूचना ससुराल वालों ने फोन पर उन्हें दी। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक ससुराल वाले बेटी को घर ले जा चुके थे। घर पहुंचकर देखा तो वहां उनकी बेटी मृत पड़ी थी। बेटी के ससुराल वाले घर से फरार हो चुके थे। वे लोग शव को लेकर शुक्रवार को अपने घर आ गए और अंतिम संस्कार कर दिया। शनिवार को बेटी के पिता ने ससुराल वालों के खिलाफ हत्या करने की तहरीर दी है।
