हरदोई: पुलिसकर्मियों पर हिस्ट्रीशीटर ने परिजनों सहित किया पथराव, ये था पूरा मामला…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। पाली कस्बे के मोहल्ला शेख सराय में जांच को गए दो पुलिसकर्मियों की जान पर बन आई। एक पुलिसकर्मी ने मजबूरन अपने पास मौजूद असलहे का सहारा लेकर किसी तरह जान बचाई। हिस्ट्रीशीटर ने अपने परिजनों सहित पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया था और मारपीट पर आमादा हो गया। पुलिस पर दबाव बनाने …

हरदोई। पाली कस्बे के मोहल्ला शेख सराय में जांच को गए दो पुलिसकर्मियों की जान पर बन आई। एक पुलिसकर्मी ने मजबूरन अपने पास मौजूद असलहे का सहारा लेकर किसी तरह जान बचाई। हिस्ट्रीशीटर ने अपने परिजनों सहित पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया था और मारपीट पर आमादा हो गया।

पुलिस पर दबाव बनाने के लिए खेला खेल

इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताया गया कि हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए इस वीडियो को वायरल किया है। जानकारी के अनुसार पाली थाने के कांस्टेबल विजेंद्र कुमार अपने साथी कांस्टेबल के साथ पाली कस्बे के मोहल्ला शेख सराय में टुइयां कुरैशी के घर गए थे। बताया गया कि टुइयां कुरैशी पाली कस्बे में एसडीएम, एएसपी और अर्धसैनिक बल की मौजूदगी में निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान फोर्स को देख कर एक महिला के खेत से होकर भाग गया था।

टुइयां कुरैशी है हिस्ट्रीशीटर, दर्ज हैं कई केस

भागते समय टुइयां ने महिला को गाली-गलौज भी किया था, जिसके बाद महिला ने अपने परिजनों के साथ पहुंचकर पाली थाने में टुइयां कुरैशी के विरुद्ध तहरीर दी थी। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक टुइयां कुरैशी हिस्ट्रीशीटर है और इसके विरुद्ध डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे भी दर्ज हैं, जिसमें गोकशी, गैंगस्टर, लूट आदि के मुकदमे शामिल हैं।

उपरोक्त दोनों पुलिसकर्मी जब टुइयां कुरैशी के दरवाजे पर पहुंचे तो उसने अपने परिजनों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया और गाली गलौज करने लगा। अपनी सुरक्षा के लिए कांस्टेबल विजेंद्र कुमार ने राइफल का सहारा लिया। जिसका एक वीडियो टुइयां कुरैशी के परिजनों द्वारा बना लिया गया। इस वीडियो को टुइयां कुरैशी द्वारा वायरल किया गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।

मामले में पाली थाने के प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर संदीप कुमार सिंह ने बताया कि टुइयां कुरैशी पुलिस पर दबाव बनाने के लिए यह वीडियो वायरल कर रहा है, और उसके विरुद्ध पाली थाने में संगीन धाराओं में डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिसकर्मी महिला की तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल के लिए गए थे, जिस दौरान टुइयां कुरैशी और उसके परिजन हमलावर हो गए। मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।

पढ़ें: मुरादाबाद : चुनावी ड्यूटी से बचने को ले रहे ‘संक्रमण’ का सहारा

संबंधित समाचार