मुरादाबाद : टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने का सीडीओ ने दिया निर्देश
मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन ने मंगलवार को शहरी क्षेत्र में कोविड टीकाकरण कार्य का निरीक्षण कर इसमें तेजी लाने का निर्देश दिये। उन्होने टीकाकरण कराने के लिए लोगों को जागरूक करने पर बल दिया। मुख्य विकास अधिकारी पहले सिविल लाइंस में सीएमओ कार्यालय के बगल में बने वैक्सीन भंडारण की जानकारी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन ने मंगलवार को शहरी क्षेत्र में कोविड टीकाकरण कार्य का निरीक्षण कर इसमें तेजी लाने का निर्देश दिये। उन्होने टीकाकरण कराने के लिए लोगों को जागरूक करने पर बल दिया।
मुख्य विकास अधिकारी पहले सिविल लाइंस में सीएमओ कार्यालय के बगल में बने वैक्सीन भंडारण की जानकारी के लिए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी कार्यालय पहुंचे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा से वैक्सीन के कोल्ड चेन मेंटेन रखने की व्यवस्था पूछी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने सीडीओ को बताया कि वैक्सीन भंडारण के लिए डीप फ्रीजर में मानक के अनुसार तापमान मेंटेन करने का काम कोल्ड चेन सुपरवाइजर आदि पूरी गंभीरता से देखते हैं, इसके लिए शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाती है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को साथ में लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में चल रहे किशोरों के टीकाकरण को देखा। रहमत नगर पीएसी में चलने वाले टीकाकरण केंद्र पर भी पहुंचकर इसमें तेजी लाने और लोगों से खुद टीका लगवाने के साथ ही अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी प्रेरित करने के लिए कहा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि टीकाकरण के लिए सत्रों में लक्ष्य बढ़ाया गया है। शहर के हर सत्र में 250 और ग्रामीण क्षेत्र में बूथ पर 500 टीका प्रति सत्र हर दिन लगाने का लक्ष्य दिया गया है।
