पीलीभीत: जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए कार्यशाला का आयोजन
पीलीभीत,अमृत विचार। विधानसभा चुनाव 2022 में अस्सी प्रतिशत से अधिक मतदान कराने का लक्ष्य प्रशासन ने तय किया है। इसे सफल बनाने के लिए जागरूकता के कदम उठाए जा रहे है। इसी क्रम में अब महिला मतदाता प्रतिशत बढ़ाने के लिए भी अफसर संजीदा हुए हैं। बीते चुनाव में हुए मतदान का आकलन करते हुए …
पीलीभीत,अमृत विचार। विधानसभा चुनाव 2022 में अस्सी प्रतिशत से अधिक मतदान कराने का लक्ष्य प्रशासन ने तय किया है। इसे सफल बनाने के लिए जागरूकता के कदम उठाए जा रहे है। इसी क्रम में अब महिला मतदाता प्रतिशत बढ़ाने के लिए भी अफसर संजीदा हुए हैं। बीते चुनाव में हुए मतदान का आकलन करते हुए समस्त विधानसभाओं से 20-20 बूथ ऐसे चिन्हित किए गए हैं। जहां पर पूर्व में महिलाओं की वोटिंग कम रही थी।
इन सभी बूथों पर महिलाओं को मतदान के लिए जागरूक करने के लिए नोडल अधिकारियों का गठन कर जिम्मेदारी तय कर दी गई है।
गांधी प्रेक्षागृह में बुधवार को आयोजित कार्यशाला में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ऐसे बूथ जिनमें बीते चुनाव में महिलाओं का मतदान कम रहा था। इस बार अधिक फोकस करना है। नोडल अधिकारी तय कर दिए गए हैं। अब वह मतदाता जागरूकता को चलाए जा रहे अभियान के तहत इन बूथों पर जाकर महिला मतदाताओं को मतदान के लिए जगरूक करेंगे।
उन्हें वोट का महत्व और भारतीय नागरिक होने के नाते मताधिकार का प्रयोग करने को कहेंगे। प्रत्येक नोडल अधिकारी को दो-दो बूथ का उत्तरदायित्व दिया है। कहा कि समस्त नोडल अधिकारी आवंटित किए गए बूथों का भ्रमण कर वहां की स्थिति का जायजा लें और पिछले मतदान में महिलाओं द्वारा किन कारणों से कम प्रतिभाग किया गया, इसकी भी जानकारी जुटाएं। एक-एक महिला से संपर्क करते हुए मतदान के प्रति जागरूक किया जाए।
सभी बूथों पर बीएलओ, आशा और आंगनबाड़ी के माध्यम से महिला मतदाताओं को जागरूक करते हुए अपने अपने बूथों पर अच्छा परिणाम लाने का प्रयास करें। सभी महिला मतदाताओं को बताएं कि संविधान में सभी भारतीय को वोट करने की शक्ति सभी को समान रूप से प्रदान की गई हैं। गांव के भ्रमण के दौरान किसी योजना के सम्बन्ध में न बताएं, न ही कोई वादा करें। केवल महिला मतदाताओं को देश का नागरिक होने के नाते उनके कर्तव्य एवं दायित्वों और मताधिकार का प्रयोग करने के लिए जागरूक करें।
सदर विधानसभा में मतदेय स्थल 390 व 284 में जिला निर्वाचन अधिकारी पुलकित खरे खुद नोडल अधिकारी बने हैं। मतदेय स्थल 337 व 340 का नोडल अधिकारी एसपी दिनेश कुमार पी को बनाया है। इसके अलावा मतदेय स्थल 393 व 394 में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नूपुर गोयल को नामित किया गया। इस प्रकार जनपद की चारों विधानसभा में कुल 80 नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। इस मौके पर मुख्य कोषाधिकारी रेनू बौद्ध, जिला पंचायतराज अधिकारी सुबोध जोशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार आदि मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें-
पीलीभीत: शादी की खरीदारी कर लौट रहे मां-बेटे की कार खंभे से टकराई, हादसे में जमीन पर गिरा पोल
