रामपुर: चौहद्दा घाट पर अवैध खनन कर रहीं तीन पोकलेन मशीनें जब्त, धंधेबाज भागे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/मसवासी, अमृत विचार। टांडा कोतवाली क्षेत्र के अकबराबाद गांव की सीमा से सटे भूबरा मुस्तहकम कोसी नदी के चौहद्दा घाट पर अवैध खनन करने में जुटीं तीन पोकलेन मशीनों को पुलिस और राजस्व टीम ने संयुक्त रूप से छापेमार कार्रवाई करते हुए कब्जे में ले लिया। कोसी नदी में पकड़ी गई पोकलेन मशीनें रुद्रपुर की …

रामपुर/मसवासी, अमृत विचार। टांडा कोतवाली क्षेत्र के अकबराबाद गांव की सीमा से सटे भूबरा मुस्तहकम कोसी नदी के चौहद्दा घाट पर अवैध खनन करने में जुटीं तीन पोकलेन मशीनों को पुलिस और राजस्व टीम ने संयुक्त रूप से छापेमार कार्रवाई करते हुए कब्जे में ले लिया। कोसी नदी में पकड़ी गई पोकलेन मशीनें रुद्रपुर की एक भाजपा नेत्री की बताई जा रही हैं। जबकि खनन धंधेबाज मशीनें छोड़कर भागने में सफल हो गए।

अमृत विचार में छपी खबरों के बाद बुधवार को स्वार एसडीएम सचिन राजपूत क्षेत्राधिकारी श्रीकांत प्रजापति तहसीलदार अवनीश कुमार मसवासी चौकी इंचार्ज कोमल सिंह दल बल के साथ सूचना पर अकबराबाद से सटे मसवासी चौकी क्षेत्र के भूमरा मुस्ताक कोसी नदी के चौहद्दा घाट पहुंचे। यहां पर पहले से ही पोकलेन मशीनें अवैध खनन को अंजाम दे रही थीं। बताते हैं कि तीनों पोकलेन मशीनें एक नजदीक के स्टोन क्रेशर संचालक ने कुछ खनन धंधेबाज के साथ मिलकर कोसी नदी में उतारी थीं। नदी में धड़ल्ले के साथ खनन किया जा रहा था। इसमें कुछ भाजपा नेताओं की भूमिका भी संदिग्ध है।

टांडा थाना क्षेत्र के एक भाजपा नेता भी लगातार कोसी नदी क्षेत्र में देखा जा रहा। एक रुद्रपुर की भाजपा नेत्री भी यहां खनन धंधेबाजों से साठगांठ बनाए हुए हैं। पुलिस और राजस्व टीम तीन पोकलेन मशीनों को अपने कब्जे में लेकर मानपुर स्थित चेक पोस्ट पर ले आई है। इस क्षेत्र में खनन धंधेबाज काफी समय से सक्रिय हैं और अधिकारियों से साठगांठ कर अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं। इस क्षेत्र में एक पूर्व प्रधान की भूमिका भी अवैध खनन में संदिग्ध है।

पूर्व प्रधान भी जेसीबी और पोकलेन मशीन से अवैध खनन करने में जुटा हुआ है। पकड़ी गई तीनों पोकलेन मशीनें उत्तराखंड के शहर रुद्रपुर की भाजपा नेत्री की हैं प्रशासन ने अभी भाजपा नेत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। चौकी इंचार्ज कोमल सिंह ने बताया की इस मामले में कुछ खनन धंधेबाज़ों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी चल रही है। बता दें कि टांडा के अकबराबाद में खनन माफिया रात दिन खनन कर रहे हैं। कुछ खनन धंधेबाजों और स्टोन क्रशर संचालकों को एक मंत्री का संरक्षण प्राप्त है।

संबंधित समाचार